बिहार में 50 हजार के इनामी बदमाश टिंकू यादव का एनकाउंटर, पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

बिहार के नवादा में पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार के इनामी बदमाश टिंकू यादव गिरफ्तार, पैर में गोली लगी, डॉक्टर हत्या कांड का मुख्य आरोपी, साथी फरार

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Bihar Encounter News : बिहार के नवादा जिले में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी टिंकू यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में टिंकू यादव के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में हिरासत में लिया गया। उसका एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा।

यह घटना नवादा जिले के रोह थाना क्षेत्र अंतर्गत कोशी गांव के पास देर रात हुई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि टिंकू यादव अपने एक साथी के साथ इलाके में मौजूद है। सूचना के आधार पर रोह थाना समेत अन्य थानों की टीम ने इलाके में चेकिंग अभियान शुरू किया।

पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल

बताया जा रहा है कि रात करीब 3:25 बजे पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने दो राउंड गोली चलाई, जिसमें एक गोली बाइक सवार टिंकू यादव के बाएं पैर में लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

घायल टिंकू यादव को पहले रोह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। बाद में उसे न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की प्रक्रिया शुरू की गई।

डॉक्टर की निर्मम हत्या का आरोपी

पुलिस के अनुसार टिंकू यादव ग्रामीण चिकित्सक अशोक मिस्त्री हत्याकांड का मुख्य आरोपी है। 23 जनवरी 2026 को अपराधियों ने साजिश के तहत गोड़ीहारी गांव के चिकित्सक अशोक मिस्त्री की गला रेतकर हत्या कर दी थी। इसके बाद सबूत मिटाने के लिए शव को जला दिया गया था। पुलिस ने बाद में खेत क्षेत्र से जला हुआ शव बरामद किया था।

कई जिलों में दर्ज हैं मामले

नवादा के एसपी अभिनव धीमान ने बताया कि टिंकू यादव जिले के टॉप-10 वांछित अपराधियों में शामिल था और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसके खिलाफ नवादा, जमुई और आसपास के थानों में हत्या, लूट और अन्य गंभीर मामलों सहित कई केस दर्ज हैं।

फरार साथी की तलाश जारी

पुलिस अब टिंकू यादव के फरार साथी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। साथ ही एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।