बुण्डू, 10 अगस्त 2026: बुण्डू राधारानी परिसर में सोमवार को बुण्डू नगर मंडल भाजपा के प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक मंडल अध्यक्ष सुबोध मुखर्जी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों के साथ आगामी 12 अगस्त को बुण्डू नगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकालने का निर्णय लिया गया।

तय कार्यक्रम के अनुसार तिरंगा यात्रा बिरसा चिल्ड्रेन स्कूल से शुरू होकर सुभाष चौक होते हुए भगवान बिरसा मुंडा धुर्वा मोड़ पहुंचेगी। यहां कार्यकर्ताओं द्वारा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसके बाद यात्रा धुर्वा मोड़ से पुनः बिरसा चिल्ड्रेन स्कूल पहुंचेगी।

बैठक में राज्य में JPSC एवं CGL परीक्षा में कथित गड़बड़ी की CBI जांच की मांग को लेकर छात्रों द्वारा किए जा रहे आंदोलन पर भी चर्चा हुई।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि छात्रों के शांतिपूर्ण आंदोलन को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं ने सरकार के रवैये की निंदा करते हुए कहा कि छात्रों के सवालों और उनके भविष्य से जुड़े मुद्दों को दबाने के बजाय सरकार को मामले की पारदर्शी जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।
भाजपा नेताओं ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। परीक्षा में गड़बड़ी के आरोपों की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग को लेकर पार्टी आगे भी आवाज बुलंद करेगी।
बैठक में मंडल अध्यक्ष सुबोध मुखर्जी, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता रनजित लाहेरी, लक्ष्मण सिंह मुंडा, नगर मंडल महामंत्री प्रवीण जायसवाल, उपाध्यक्ष मुकेश कुमार मुंडा, पुरेन्द्र महतो, हरि नायक, कन्हाई पातर सहित कई प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


