पत्नी ने प्रेमी संग रची पति की हत्या की साजिश, सिर काटकर जंगल में दफनाया; 17 दिन बाद बुण्डू पुलिस ने किया सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा

बुण्डू के सनसनीखेज हत्याकांड का 17 दिन बाद खुलासा हुआ। पत्नी और उसके प्रेमी पर पति की हत्या कर सिर काटकर जंगल में दफनाने का आरोप, दोनों गिरफ्तार।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Bundu Murder Case : बुण्डू थाना क्षेत्र के सुमानडीह स्थित महादेवटांड़ जंगल से 19 जून को बरामद सिर कटा एवं अर्धजले शव की गुत्थी का पुलिस ने 17 दिन के भीतर खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में मृतक की पत्नी सुबोधनी देवी और उसके प्रेमी रमन कुमार सेठ को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मृतक का कटा हुआ सिर, हत्या में प्रयुक्त चापड़, एक ऑल्टो कार, दो मोबाइल फोन एवं एक मोटरसाइकिल बरामद की है। ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ओम प्रकाश के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर मामले का खुलासा किया।

जांच में मृतक की पहचान संजय लोहरा (27 वर्ष), पिता-पाली गोप, ग्राम मांझी टोला, थाना तमाड़ के रूप में हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी सुबोधनी देवी (26 वर्ष) का रमन कुमार सेठ (34 वर्ष), पिता-विजय सेठ, ग्राम धोबी टोला, थाना तमाड़ के साथ पिछले करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध था। जब इस संबंध की जानकारी संजय लोहरा को हो गई तो दोनों ने उसकी हत्या की साजिश रच डाली।

पुलिस के अनुसार 18 जून को सुबोधनी देवी अपने पति को शादी समारोह में जाने का बहाना बनाकर मोटरसाइकिल से सोनाहातु की ओर ले गई। रास्ते में सोनाहातु थाना क्षेत्र के अड़िया-सतिया नदी के समीप पहले से घात लगाए रमन कुमार सेठ और उसके साथी ऑल्टो कार से पहुंचे और चापड़ से हमला कर संजय लोहरा की हत्या कर दी।

इसके बाद शव को बुण्डू थाना क्षेत्र के सुमानडीह महादेवटांड़ जंगल में ले जाकर पहचान छिपाने के उद्देश्य से सिर धड़ से अलग कर दिया गया। धड़ पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई, जबकि कटा हुआ सिर तमाड़ थाना क्षेत्र के सुंदरडीह के समीप रानी वन जंगल में गड्ढा खोदकर दफना दिया गया। घटना के बाद मृतक की मोटरसाइकिल को भी दूसरे स्थान पर छोड़ दिया गया, ताकि पुलिस जांच को गुमराह किया जा सके। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

उनकी निशानदेही पर पुलिस ने मृतक का कटा हुआ सिर, हत्या में प्रयुक्त चापड़, ऑल्टो कार, दो मोबाइल फोन एवं मोटरसाइकिल बरामद कर ली। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि मामले में अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी: रमन कुमार सेठ (34 वर्ष), पिता-विजय सेठ, ग्राम धोबी टोला, थाना तमाड़, जिला रांची तथा सुबोधनी देवी (26 वर्ष), पति-स्व. संजय लोहरा, ग्राम मांझी टोला, थाना तमाड़, जिला रांची।

छापेमारी दल: अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ओम प्रकाश, थाना प्रभारी जयदीप टोप्पो, पुलिस अवर निरीक्षक संतोष कुमार महतो, रूपलाल प्रसाद, तकनीकी शाखा के बलेंद्र कुमार, बीरेन्द्र सिंह, रोहित सिंह मुंडा एवं बुण्डू थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।