
रांची : उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले की बदलापुर तहसील के एक छोटे से गाँव नेवादा मुखलिसपुर से निकलकर अमेरिका के जॉर्जिया राज्य के सत्ता गलियारों तक पहुँचने का सफर किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है। चंद्रभूषण यादव (सी.बी. यादव) ने न केवल व्यवसाय जगत में अपनी धाक जमाई है, बल्कि वे आज अमेरिका में भारतीय संस्कृति और राजनीति के एक प्रमुख स्तंभ बनकर उभरे हैं।
यदुवंशी परिवार से ताल्लुक रखने वाले सी.बी. यादव ने अपनी कड़ी मेहनत के बल पर जॉर्जिया की कैमडन काउंटी में होटल, गैस स्टेशन और ग्रोसरी स्टोर्स का एक विशाल व्यावसायिक साम्राज्य स्थापित किया है। उनकी कार्यकुशलता को देखते हुए उन्हें ‘जॉर्जिया फ़र्स्ट कमीशन’ का प्रथम सदस्य नियुक्त किया गया है जो किसी भी प्रवासी भारतीय के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि है।
सी.बी. यादव की पहचान केवल एक सफल उद्यमी के रूप में ही नहीं, बल्कि एक कुशल रणनीतिकार के रूप में भी है। वे वर्तमान में कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
वर्तमान में सी.बी. यादव का सबसे महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट जॉर्जिया में भगवान श्री राम का भव्य मंदिर और ‘रामायण संग्रहालय’ का निर्माण है। यह केंद्र अमेरिका में भारतीय सभ्यता और रामायण के आदर्शों को जीवंत रखेगा। इसे लेकर सीबी यादव ने कहा कि अपनी संस्कृति को वैश्विक मंच पर ले जाना ही मेरा मुख्य उद्देश्य है।जनवरी 2024 में अपनी भारत यात्रा के दौरान, यादव ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से शिष्टाचार भेंट की थी। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को 2025 में प्रस्तावित मंदिर के भूमि पूजन के लिए आधिकारिक निमंत्रण दिया, जिसे मुख्यमंत्री ने सहर्ष स्वीकार किया। जॉर्जिया के ‘किंग्सलैंड’ से लेकर जौनपुर की गलियों तक, सी.बी. यादव की यह कहानी आज के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है कि कैसे अपनी जड़ों से जुड़े रहकर दुनिया को जीता जा सकता है।

