कांग्रेस की हालत- ‘दिल के टुकड़े हजार हुए, कोई यहां गिरा, कोई वहां गिरा’: शिवराज सिंह चौहान

News Aroma Media
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

डिब्रूगढ़: असम विधानसभा चुनावों के मद्देनजर सोमवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दूसरी चुनावी जनसभा को भाजपा उम्मीदवार तेरेश ग्वाला के समर्थन में डिब्रूगढ़ के दुलियाजान में संबोधित किया।

उल्लेखनीय है कि दुलियाजान में 27 मार्च को पहले चरण के तहत मतदान होने वाला है। अपने संबोधन में उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार की जमकर खिल्ली उड़ाई।

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश से आपका मामा दुलियाजान आया है। उन्होंने कहा कि भोपाल की सुबह आपके बिना नहीं होती, क्योंकि असम की चाय से ही देश की सुबह होती है।

देश की गाड़ियां असम के तेल से चलती है। उन्होंने महापुरुष श्रीमंत शंकरदेव, लाचित बरफूकन समेत अन्य महापुरुषों को याद किया।

कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने इंदिरा गांधी से लेकर डॉ मनमोहन सिंह तक पर सवाल खड़ा किया। साथ ही असम में विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और सर्वानंद सोनोवाल की सराहना की।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने राज्य में घुसपैठ को पूरी तरह से रोक दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा तोड़ने का नहीं बल्कि, जोड़ने का काम किया है।

हम सब भारत मां के लाल, भेदभाव का कहां सवाल, यह कहते हुए कहा कि यहां पर सभी लोग शांति के साथ रह रहे हैं। राज्य में सड़कों का जाल बिछाया गया है।

चाय बागानों में भाजपा सरकार ने स्कूल खोले हैं। गरीबों को मकान, सस्ता राशन भाजपा ने दिया है। कांग्रेस ने असम को अजमल दिया है।

इत्र बेचने वाला अजमल असम को बर्बाद करने वाला है। देश को तोड़ने वालों के साथ कांग्रेस ने गठबंधन किया है।

राहुल गांधी उत्तर भारत, दक्षिण भारत, असम को उत्तर असम, दक्षिण असम में बांटने लगे हैं। प्रियंका गांधी भी असम में चाय की पत्ती तोड़ने पहुंची थी।

उन्हें पता नहीं कि पत्ती कब तोड़ी जाती है। उन्होंने कहा कि बहन पत्ती तोड़कर शूटिंग कर रही है तो भाई समुद्र में छलांग लगा रहे हैं।

असल में कांग्रेस पार्टी ने महात्मा गांधी नहीं, जिन्ना के साथ गठबंधन कर लिया है। कांग्रेस की हालत यह है कि 23 बड़े नेता पार्टी छोड़ कर जा रहे है। कांग्रेस की हालत यह है कि दिल के टुकड़े हजार हुए, कोई यहां गिरा, कोई वहां गिरा।

शिवराज सिंह ने कहा कि आने वाले तीन वर्षों में कोई भी व्यक्ति बिना मकान के नहीं रहेगा। यह पक्का वायदा है कि सभी का पक्का मकान तीन वर्षों में बन जाएगा।

उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री रामेश्वर तेली, भाजपा उम्मीदवार तेरेश ग्वाला समेत अन्य वरिष्ठ भाजपा नेता मौजूद थे।

Share This Article