
रांची: रांची जिले के दशम फॉल क्षेत्र में महिला के साथ हुई घटना को लेकर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस प्रवक्ता मृदुल राज ने घटना को बेहद दुखद और निंदनीय बताते हुए पीड़िता के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने मांग की है कि मामले में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ जल्द, निष्पक्ष और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। मृदुल राज ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि ऐसे संवेदनशील मामलों में पीड़िता को न्याय दिलाना सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए।
भाजपा पर लगाया राजनीतिक फायदा उठाने का आरोप
कांग्रेस प्रवक्ता ने इस घटना को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दे को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दलों को इस तरह के मामलों में राजनीति से ऊपर उठकर पीड़िता के साथ खड़ा होना चाहिए और न्याय सुनिश्चित कराने में सहयोग करना चाहिए।
महिलाओं के लिए सरकार की योजनाओं का किया जिक्र
मृदुल राज ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना प्रभावी रूप से संचालित की जा रही है। उन्होंने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा और सहायता के लिए राज्य में महिला हेल्पलाइन 181, आपातकालीन सेवा 112, सखी वन स्टॉप सेंटर, महिला थाना और महिला डेस्क जैसी व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि राज्य सरकार की नीति स्पष्ट है कि महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वाले किसी भी व्यक्ति को कानून के दायरे में लाकर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए।
भाजपा से पूछा सवाल, कहा- दूसरे राज्यों में क्यों नहीं दिखता यही रुख
मृदुल राज ने भाजपा पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिन राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं, वहां महिलाओं के खिलाफ होने वाली गंभीर घटनाओं पर पार्टी का यही आक्रोश और सक्रियता क्यों नजर नहीं आती। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर चयनात्मक राजनीति और दोहरा रवैया भाजपा की अवसरवादी सोच को दिखाता है।
महिलाओं की सुरक्षा पर राजनीति नहीं, कार्रवाई जरूरी: कांग्रेस
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि उनकी पार्टी महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और न्याय के मुद्दे पर पूरी मजबूती के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए केवल राजनीतिक बयानबाजी नहीं, बल्कि मजबूत कानून व्यवस्था, त्वरित न्याय और संवेदनशील प्रशासन जरूरी है। उन्होंने दावा किया कि झारखंड सरकार इसी दिशा में लगातार काम कर रही है और महिलाओं की सुरक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाती रहेगी।

