श्रावणी मेले में श्रद्धालुओं के लिए बड़ी सुविधा: अब देवघर से बासुकीनाथ तक हेलीकॉप्टर से कर सकेंगे सफर, 4 अगस्त से शुरू होगी सेवा

श्रावणी मेले में श्रद्धालुओं को बड़ी राहत, अब देवघर से बासुकीनाथ तक हेलीकॉप्टर सेवा शुरू। बाबा बैद्यनाथ, बासुकीनाथ और त्रिकूट पर्वत का हवाई दर्शन होगा आसान और सुविधाजनक।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

देवघर: श्रावणी मेले में बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के लिए पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए झारखंड सरकार ने खास सुविधा शुरू करने का फैसला लिया है। कल यानी  4 अगस्त  से देवघर और बासुकीनाथ के बीच विशेष हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की जा रही है। इस सेवा के जरिए श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम, बासुकीनाथ धाम और त्रिकूट पर्वत का हवाई दर्शन कर सकेंगे। इसके अलावा देवघर से बासुकीनाथ तक हेलीकॉप्टर से सीधे यात्रा करने का विकल्प भी मिलेगा। इस सेवा का संचालन झारखंड सरकार के नागर विमानन प्रभाग के तहत झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट (JFI) की ओर से किया जाएगा।

श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधाजनक यात्रा की सुविधा

देवघर के उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार ने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह पहल शुरू की है। इसका उद्देश्य कम समय में सुरक्षित और आरामदायक हवाई यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराना है।

कितना होगा हेलीकॉप्टर सेवा का किराया

देवघर आकाशीय दर्शन: 7 से 10 मिनट, प्रति व्यक्ति किराया ₹2,850

बासुकीनाथ आकाशीय दर्शन: 7 से 10 मिनट, प्रति व्यक्ति किराया ₹2,850

देवघर–त्रिकूट हवाई दर्शन: 10 से 15 मिनट, प्रति व्यक्ति किराया ₹3,750

देवघर से बासुकीनाथ (वन-वे यात्रा): लगभग 15 मिनट, प्रति व्यक्ति किराया ₹4,500

बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के बाद सीधे पहुंच सकेंगे बासुकीनाथ

इस हेलीकॉप्टर सेवा की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा करने के बाद सीधे हेलीकॉप्टर से बासुकीनाथ धाम पहुंच सकेंगे। सड़क मार्ग की तुलना में इससे समय की काफी बचत होगी। खास तौर पर बुजुर्ग श्रद्धालुओं और दूर-दराज से आने वाले भक्तों को इस सुविधा से काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

कैसे करें ऑनलाइन बुकिंग?

हेलीकॉप्टर सेवा की टिकट बुकिंग के लिए श्रद्धालु झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। किसी भी जानकारी या सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 9122583111 पर संपर्क किया जा सकता है। इस सेवा का संचालन झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट द्वारा किया जाएगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (नागर विमानन), झारखंड सरकार के निर्देशों के तहत श्रद्धालुओं के लिए आकर्षक पैकेज और किराया दरें तय की गई हैं।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।