
Deoghar Cyber Crime : देवघर में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सौरभ (पुलिस अधीक्षक, देवघर) के निर्देश पर की गई।
जानकारी के अनुसार, राजा कुमार मित्रा के नेतृत्व में बुधवार को पालाजोरी थाना क्षेत्र में छापेमारी की गई, जहां से 11 आरोपियों को पकड़ा गया।
जांच में सामने आया कि ये अपराधी Flipkart, Amazon, एयरटेल पेमेंट बैंक और PhonePe के फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों को झांसा देते थे। इसके अलावा, पीएम किसान योजना, लोन और एसबीआई क्रेडिट कार्ड के नाम पर फर्जी लिंक भेजकर ऑनलाइन ठगी को अंजाम देते थे।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पालाजोरी इलाके में कुछ लोग फर्जी मोबाइल नंबर और सिम कार्ड का इस्तेमाल कर आम लोगों को ठग रहे हैं। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
बरामद मोबाइल और सिम कार्ड की प्रारंभिक जांच में यह पुष्टि हुई है कि आरोपी संगठित तरीके से साइबर ठगी कर रहे थे।
इस छापेमारी अभियान में साइबर थाना देवघर के पुलिस पदाधिकारी और पालाजोरी थाना की टीम शामिल रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि साइबर अपराध के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

