
Dhanbad News : धनबाद से लापता हुई एक नाबालिग किशोरी को रांची रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया गया है। धनबाद और रांची पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से यह सफलता मिली। लोकेशन ट्रैक होने के बाद रांची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए किशोरी को सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, धनबाद जिले के परसबनिया क्षेत्र की रहने वाली किशोरी 6 जून को घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और विभिन्न पहलुओं पर छानबीन की।
जांच के दौरान पुलिस को दो संदिग्ध मोबाइल नंबरों की जानकारी मिली, जिनसे किशोरी की बातचीत होने की बात सामने आई। इनमें से एक नंबर ट्रू कॉलर पर विकास कुमार के नाम से दर्ज बताया गया, जिसके आधार पर पुलिस ने अपहरण की आशंका को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई।
परिजनों की शिकायत पर मधुबन थाना में बीएनएस की धारा 96 के तहत कांड संख्या 24/26, दिनांक 7 जून 2026 को दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की और लगातार तकनीकी जांच जारी रखी।
गुरुवार को किशोरी की लोकेशन रांची में मिलने के बाद धनबाद पुलिस ने इसकी सूचना रांची एसएसपी राकेश रंजन को दी। सूचना मिलते ही रांची पुलिस सक्रिय हो गई और चुटिया थाना पुलिस को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
चुटिया थाना प्रभारी पूनम कुजूर के नेतृत्व में सब-इंस्पेक्टर निरंजन महतो, भवेश कुमार और जितेंद्र मिश्रा की टीम ने रांची रेलवे स्टेशन परिसर से किशोरी को बरामद कर लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किशोरी किसी अन्य राज्य जाने की तैयारी में थी, लेकिन पुलिस की तत्परता से उसे समय रहते सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
बरामदगी के बाद चुटिया थाना पुलिस ने इसकी सूचना धनबाद पुलिस को दे दी है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद किशोरी को धनबाद पुलिस के सुपुर्द किए जाने की तैयारी की जा रही है।

