
Ramgarh News : रामगढ़ जिले के मांडू प्रखंड अंतर्गत मंझला चुम्बा पंचायत के केंदया गोसाई गांव में निर्माणाधीन श्मशान शेड को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में अनियमितता और गुणवत्ता मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार, 15वें वित्त आयोग (मुखिया मद) से लगभग 2.49 लाख रुपये की लागत से श्मशान शेड का निर्माण कराया जा रहा है। आरोप है कि निर्माण कार्य में तय तकनीकी मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि छत निर्माण में निर्धारित 10 एमएम सरिया के बजाय 8 एमएम सरिया का उपयोग किया गया है। इसके अलावा ढलाई कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए गए हैं।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि निर्माण कार्य देर रात कराया जा रहा था। बताया गया कि रात करीब 10 से 11 बजे के बीच चल रहे निर्माण कार्य पर जब स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए और विरोध किया तो मौके पर विवाद की स्थिति बन गई।
विरोध कर रहे ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत की मुखिया लक्ष्मी देवी के पति बबलू साव उर्फ झरेंद्र साव ने आपत्ति जताने वाले लोगों के साथ अभद्र व्यवहार किया। कुछ ग्रामीणों ने उनके खिलाफ हाथापाई करने का भी आरोप लगाया है। ग्रामीणों के अनुसार, उन्होंने कथित तौर पर कहा कि निर्माण कार्य में उन्होंने निजी धन लगाया है और काम अपनी इच्छा के अनुसार कराएंगे।
मामले को लेकर ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागीय अधिकारियों से निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि सरकारी योजनाओं में गुणवत्ता और पारदर्शिता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
विरोध प्रदर्शन में भुवनेश्वर भुईयां, जेठू भुईयां, विनोद कुमार, फूचन भुईयां, सुरेंद्र रविदास, टिंकू भुईयां, सिकंदर कुमार भुईयां, रंजीत भुईयां, आकाश भुईयां और दिलीप भुईयां समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

