बिहार में बड़ा एक्शन: सिवान के उत्पाद निरीक्षक के ठिकानों पर EOU की छापेमारी, आय से 201% ज्यादा संपत्ति का आरोप

बिहार EOU ने आय से अधिक संपत्ति मामले में सिवान के उत्पाद निरीक्षक अंकेश कुमार गोंड़ के पांच ठिकानों पर छापेमारी की। जांच में 2.36 करोड़ रुपये से अधिक संपत्ति का दावा किया गया।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पटना: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में गुरुवार को EOU ने सिवान में तैनात उत्पाद निरीक्षक अंकेश कुमार गोंड़ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में EOU की अलग-अलग टीमों ने पटना, मुंगेर और सिवान में उनके पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।

आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप

आर्थिक अपराध इकाई के मुताबिक विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के सत्यापन के बाद अंकेश कुमार गोंड़ के खिलाफ ज्ञात आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद EOU थाना कांड संख्या-13/26, दिनांक 8 जुलाई 2026 दर्ज किया गया। यह मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(2) के साथ धारा 13(1)(बी) के तहत दर्ज किया गया है।

सुबह से पांच ठिकानों पर चल रही छापेमारी

विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से तलाशी वारंट मिलने के बाद EOU की टीमों ने गुरुवार सुबह से ही एक साथ पांच अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी शुरू कर दी। इस कार्रवाई की निगरानी पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारी कर रहे हैं।

आय से करीब 2.36 करोड़ रुपये अधिक संपत्ति का दावा

जांच एजेंसी के अनुसार शुरुआती सत्यापन में सामने आया है कि उत्पाद निरीक्षक अंकेश कुमार गोंड़ ने अपनी ज्ञात आय से लगभग 2 करोड़ 36 लाख 31 हजार रुपये अधिक की संपत्ति अर्जित की है। EOU के मुताबिक, यह संपत्ति उनकी वैध आय की तुलना में करीब 201.97 प्रतिशत अधिक है। प्रारंभिक जांच में मिले तथ्यों के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 पटना से मुंगेर और सिवान तक पहुंची EOU की टीम

EOU की ओर से जिन पांच स्थानों पर तलाशी ली जा रही है, उनमें पटना के दानापुर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर स्थित आवास, मुंगेर के कासिम बाजार थाना क्षेत्र के चंदनबाग स्थित पैतृक आवास और मुंगेर के ही लल्लूपोखर स्थित व्यावसायिक भवन शामिल हैं। इसके अलावा सिवान शहर स्थित उत्पाद विभाग के कार्यालय कक्ष और सिवान नगर थाना क्षेत्र के चित्रगुप्त नगर रजिस्ट्री ऑफिस के पीछे स्थित किराये के आवास पर भी जांच की जा रही है।

दस्तावेज और वित्तीय रिकॉर्ड खंगाल रही टीम

छापेमारी के दौरान EOU की टीम दस्तावेजों, बैंक खातों से जुड़े रिकॉर्ड, चल-अचल संपत्तियों के कागजात और निवेश से संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है। अधिकारियों की टीम संपत्तियों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड का मिलान भी कर रही है। आर्थिक अपराध इकाई के अनुसार, तलाशी अभियान अभी जारी है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।