इंदौर (मध्यप्रदेश): इंदौर में संपत्ति से बेदखल किए जाने को लेकर हुए विवाद के बाद 72 वर्षीय व्यक्ति की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसके बेटे को शुक्रवार को गिरफ्तार किया। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने बताया कि लकवे से पीड़ित वलीउल्लाह (72) ने अपने इकलौते बेटे हिदायतुल्लाह (42) को संपत्ति से बेदखल कर दिया था जिससे वह नाराज था।

दंडोतिया के मुताबिक 29 सितंबर को पिता-पुत्र के बीच विवाद हुआ और हिदायतुल्लाह ने अपने पिता का दुपट्टे से गला कसते हुए उन्हें बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि वलीउल्लाह को अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी मृत्यु हो गई। दंडोतिया ने बताया कि मामले की जांच और वलीउल्लाह के परिजनों के बयानों के आधार पर हत्या के आरोप में उनके बेटे हिदायतुल्लाह को गिरफ्तार किया गया।
सदर बाजार थाना प्रभारी पीएल शर्मा के मुताबिक आरोपी की पत्नी ने पुलिस को बताया कि उसके पति ने ससुर की पिटाई की। बाद में खुद हिदायतुल्लाह ने भी थाने आकर अपना जुर्म कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि पिता-पुत्र के संबंध पहले से अच्छे नहीं थे और संपत्ति से बेदखल किए जाने के बाद आरोपी नाराज था। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।


