जमशेदपुर : भाड़े पर कार लेकर रख देते थे गिरवी, गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जमशेदपुर: पुलिस ने भाड़े पर कार लेकर उसे गिरवी रख देने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चार कारें बरामद भी की हैं।

सोमवार को पटमदा डीएसपी सुमित कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरोह के लोग दूसरे लोगों से कार भाड़े पर लेते थे। दो-तीन महीने तक कार मालिकों को भाड़ा देते थे।

इसके बाद वह कार मालिकों को पैसा देना बंद कर देते थे और फिर कार को कहीं दूसरी जगह गिरवी रख देते थे। कार मालिक वाहन और पैसे के लिए इनके चक्कर लगाते रहते थे।

उन्होंने बताया कि अज्जू खान नाम के व्यक्ति ने मामले की शिकायत थाने में की। जांच के क्रम में पूरे मामले की जानकारी पुलिस के हाथ लग गई।

इस पर आजादनगर पुलिस ने संजय पाल उर्फ बापी, रामचंद्र दुबे, गुलशाद और अजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया। इनकी निशानदेही पर शहर के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर चार कारों को भी जब्त कर लिया गया।

पूछताछ में पता चला है कि अब तक इन लोगों ने इस तरीके से 20 से अधिक लोगों के साथ ठगी की है। पुलिस ने बताया कि रामचंद्र दुबे और संजय पाल उर्फ बापी इस गिरोह का मुख्य सरगना था।

यह लोग प्रतिमाह 15 हजार रुपये की दर पर कार भाड़ें पर लेते थे और बाद में कुछ विवाद पैदा कर भाड़ा देना बंद कर कार को कहीं और गिरवी रख देते थे।

Share This Article