झारखंड : नगर परिषद का वेबसाइट हैक कर 15 लोगों का बना फर्जी जन्म प्रमाण पत्र

News Aroma
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रामगढ़ : जिले में भी साइबर क्रिमिनल की पैठ बढ़ती जा रही है। बैंक और एटीएम के बाद अब सरकार के वेबसाइट को भी हैक किया जा रहा है।

ऐसा ही एक मामला रामगढ़ नगर परिषद जुड़ा हुआ सामने आया है। नगर परिषद के सरकारी जन्म मृत्यु वेबसाइट को हैक कर 15 लोगों का फर्जी तरीके से जन्म प्रमाण पत्र बना दिया गया।

जैसे ही इसका पता सरकारी अधिकारियों को लगा आनन-फानन में टेक्नीशियन काम पर लग गए।

नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सुरेश यादव के द्वारा इस मामले की एक प्राथमिकी रामगढ़ थाने में दर्ज कराई गई।

गुरुवार को कार्यपालक पदाधिकारी सुरेश यादव ने बताया कि वेबसाइट हैकर्स ने जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र वेबसाइट के साथ ना सिर्फ छेड़छाड़ की, बल्कि 15 लोगों का जन्म प्रमाण पत्र भी जारी कर दिया।

उन्होंने बताया कि सभी जन्म प्रमाण पत्र 20 फरवरी को जारी किए गए हैं।

जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र निबंधन पदाधिकारी प्रीतम सिंह ने बताया कि 20 फरवरी को शनिवार था और 21 फरवरी को रविवार होने की वजह से कार्यालय बंद था।

22 फरवरी को जब ऑफिस खुला तो ऑपरेटर के द्वारा जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत करने के लिए वेबसाइट को खोलने की कोशिश की गई।

लेकिन वेबसाइट नहीं खुला। इसके बाद तत्काल इसकी जानकारी जिला सांख्यिकी पदाधिकारी और डीसी संदीप सिंह को दी गई।

जांच के दौरान पता चला कि नगर परिषद का वेबसाइट हैक कर लिया गया है। उसके साथ छेड़छाड़ भी की गई है।

टेक्निशियन के द्वारा इसे सुधारा गया तो पता चला कि 15 लोगों का जन्म प्रमाण पत्र भी जारी किया गया है।

जिन लोगों का जन्म प्रमाण पत्र बनाया गया था, वे सभी नगर परिषद क्षेत्र के बाहर के थे।

डीसी संदीप सिंह के निर्देश पर तत्काल उन सभी जन्म प्रमाण पत्रों को निरस्त कर दिया गया। इसके बाद अपराधियों की तलाश शुरू की गई।

रामगढ़ थाना प्रभारी विद्या शंकर ने बताया कि इस मामले में कांड 55/ 21 दर्ज किया गया है।

अपराधियों की शिनाख्त के लिए टेक्निकल सेल को लगाया गया है। जल्द ही अपराधियों को पकड़ा जाएगा।

Share This Article