झारखंड : दो नाबालिग बहनों से 10 लड़कों ने किया था सामूहिक दुष्कर्म, बाद में डर से एक आरोपी ने की आत्महत्या, दो गिरफ्तार, बाकी की तलाश

News Aroma Media
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गुमला : दुर्गापूजा पंडाल घूमकर लौट रही दो नाबालिग बहनों के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया था। इस मामले में पुलिस ने 10 आरोपियों के खिलाफ गुरदरी थाना में भादवि की धारा 307, 509, 376 डीए और पोक्सो एक्ट की धारा छह के तहत मामला (कांड संख्या 11/2021) दर्ज किया है।

सामूहिक दुष्कर्म को लेकर ग्रामीणों, खासकर महिलाओं, में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों के उग्र तेवर देख व गिरफ्तारी के डर से एक आरोपी अजीत भगत ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

वहीं, गुरदरी पुलिस ने दो आरोपियों समीन असुर (22), ग्राम चापाकोना और प्रेम उरांव उर्फ प्रेम भगत (24), ग्राम नीचेलोदा (दोनों थाना गुरदरी, जिला गुमला) को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार शेष सात आरोपी ग्रामीणों के डर व गिरफ्तारी से बचने के लिए अदालत में आत्मसमर्पण करने की तैयारी में जुटे हुए हैं।

इस संबंध में गुमला के पुलिस अधीक्षक एहतेशाम वकारीब ने अपने कार्यालय परिसर में सोमवार की शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस में घटना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सभी आरोपियों को चिह्नित कर लिया गया है और सभी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

उन्होंने बताया कि 15 अक्टूबर को दोनों नाबालिग बहनें चचेरे भाई सुखमोन मुंडा के साथ जोभीपाट में दुर्गापूजा मेला देखने गयी थीं। मेला देखने के बाद तीनों पैदल अपने गांव चौरापाट लौट रहे थे।

रास्ते में तीन बाइक पर सवार 10 युवक दोनों बहनों पर गंदा कमेंट करने लगे। जब भाई सुखमोन मुंडा ने विरोध किया, तो उसे भी गाली देने लगे।

थोड़ी दूर आगे जाने के बाद लोधापाट पतरा के पास सभी युवक वहां पहुंचे और सुखमोन मुंडा को कतारी व लात-मुक्का से मारने लगे। सुखमोन अपनी जान बचाने के लिए भाग खड़ा हुआ।

इसके बाद दोनों नाबालिग लड़कियों को बलपूर्वक जंगल में ले गये, जहां सभी 10 युवकों ने उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

दोनों बहनें विरोध करते हुए चिल्लाने लगीं। तब उनलोगों ने जान मारने की धमकी दी। इसके बाद दोनों बहनों को घसीटते हुए बक्शी पतरा ले गये। वहां फिर से सामूहिक दुष्कर्म किया गया।

इधर, सुखमोन अपने गांव से अन्य लोगों के साथ वहां पहुंचा, तो उन्हें देख सारे आरोपी भाग निकले। अनुसंधान के क्रम में दोनों बहनों की सदर अस्पताल गुमला में मेडिकल जांच करायी गयी। साथ ही न्यायालय में दोनों ने दंप्रसं की धारा 164 के तहत अपना बयान दर्ज कराया।

एसपी वकारीब ने बताया कि आरोपियों में समीन असुर (22) ग्राम चापाकोना, प्रेम उरांव फर्फ प्रेम भगत (24) ग्राम नीचेलोधा, सतीश, सनी देओल, विवेक आनंद, संजय उरांव, अर्जुन भगत, धर्मचंद भगत, सोमेश्वर भगत, अजीत भगत, बलिस्टर भगत सभी ग्राम नीचेलोधा थाना गुरदरी व महेश ग्राम शिवराजपुर थाना घाघरा सभी जिला गुमला शामिल हैं। इनमें दो गिरफ्तार हो चुके हैं। एक ने आत्महत्या कर ली है।

Share This Article