
Jharkhand Health Department: झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं के आधुनिकीकरण और अत्याधुनिक अस्पतालों के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल शुरू हुई है। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में भारत सरकार की प्रतिष्ठित कंपनी एचएलएल हेल्थकेयर लिमिटेड (HLL) ने स्वास्थ्य अवसंरचना विकास से संबंधित विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।
बैठक के दौरान एचएलएल ने अस्पताल निर्माण, परियोजना निगरानी, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की खरीद, अस्पताल संचालन, प्रशिक्षण व्यवस्था तथा सिमुलेशन सेंटर की स्थापना से जुड़ी अपनी विशेषज्ञ सेवाओं की जानकारी साझा की। कंपनी ने बताया कि वह देशभर में स्वास्थ्य क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का सफल संचालन कर चुकी है और विभिन्न एम्स संस्थानों के निर्माण एवं विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुकी है।
वर्तमान में झारखंड में अस्पताल भवनों का निर्माण मुख्य रूप से झारखंड बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन के माध्यम से किया जाता है। हालांकि स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी विशेष तकनीकी विशेषज्ञता की आवश्यकता को देखते हुए सरकार अब प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग कंसल्टेंट (PMC) के रूप में विशेषज्ञ संस्थाओं की सेवाएं लेने पर विचार कर रही है।
प्रस्तुतीकरण में राज्य में नए अस्पतालों के निर्माण, तकनीकी परामर्श, आधुनिक स्वास्थ्य उपकरणों की खरीद, अस्पताल प्रबंधन एवं संचालन, चिकित्सकों और पैरामेडिकल कर्मियों के प्रशिक्षण के साथ-साथ ट्रेनिंग-कम-सिमुलेशन सेंटर की स्थापना से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा की गई।
अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि राज्य में पीएमसी व्यवस्था को और मजबूत बनाने की आवश्यकता है, ताकि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सह ट्रॉमा सेंटरों को पूर्ण विकसित स्वास्थ्य संस्थानों के रूप में विकसित किया जा सके। उन्होंने एचएलएल को राज्य के विभिन्न सीएचसी और ट्रॉमा सेंटरों के समग्र विकास के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया।
बैठक में यह भी विचार किया गया कि सदर अस्पतालों को छोड़कर राज्य के अन्य ऐसे अस्पताल, जो वर्तमान में अपनी पूर्ण क्षमता के अनुरूप संचालित नहीं हो पा रहे हैं, उन्हें पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के माध्यम से बेहतर ढंग से संचालित किया जा सकता है। इस संबंध में भी एचएलएल से विस्तृत परामर्श और प्रस्ताव मांगा गया है।
बैठक के अंत में निर्णय लिया गया कि एचएलएल आगामी सात दिनों के भीतर स्वास्थ्य विभाग को विस्तृत प्रस्ताव उपलब्ध कराएगा। प्रस्ताव प्राप्त होने के बाद राज्य सरकार अस्पतालों के विकास, संचालन और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को लेकर आगे की कार्यवाही करेगी।
बैठक में विशेष सचिव डॉ. नेहा अरोड़ा, अपर सचिव शशि प्रकाश सिंह, एनएचएम के प्रबंध निदेशक शशि प्रकाश झा, संयुक्त सचिव ललित मोहन शुक्ला, निदेशक प्रमुख डॉ. सिद्धार्थ सान्याल सहित एचएलएल के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

