देवघर में ब्राउन शुगर गिरोह पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुख्य सप्लायर समेत छह आरोपी गिरफ्तार

देवघर में जसीडीह पुलिस ने ब्राउन शुगर तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए मुख्य सप्लायर समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया और बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Deoghar News : देवघर जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जसीडीह थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में संलिप्त एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 76.19 ग्राम ब्राउन शुगर, 63 हजार रुपये नकद और छह मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जसीडीह थाना क्षेत्र में स्टेशन के समीप रूध्या धर्मशाला के पीछे स्थित खुले मैदान में कुछ लोग मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए छह संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया।

तलाशी के दौरान उनके पास से ब्राउन शुगर और अन्य सामान बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुल मोहम्मद उर्फ चाचा, रवि झा, बबलू चौधरी, अजय कुमार महथा, खुशबू देवी तथा इस्माइल अंसारी उर्फ राजू खान के रूप में हुई है।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि मुख्य आरोपी गुल मोहम्मद और इस्माइल अंसारी रेल मार्ग सहित अन्य माध्यमों से ब्राउन शुगर की आपूर्ति कर देवघर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में इसकी बिक्री करते थे। दोनों आरोपियों को नेटवर्क का प्रमुख संचालक माना जा रहा है।

इस मामले में जसीडीह थाना में कांड संख्या 198/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 111(2)(b), 3(5) तथा एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(b) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार मुख्य आरोपी गुल मोहम्मद उर्फ चाचा के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच को आगे बढ़ा रही है। जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।