रांची DC छवि रंजन ने की Corona टास्क फोर्स की बैठक, 9वीं कक्षा से ऊपर के शिक्षकों का डेपुटेशन रद्द करने का निर्देश

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: रांची के उपायुक्त छवि रंजन ने सोमवार को जिलास्तरीय कोरोना टास्क फोर्स की बैठक की ।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने कोरोना संक्रमण के रोकथाम और टीकाकरण की समीक्षा करते हुए सभी कोषांगों के वरीय पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।

बैठक में कोरोना टीकाकरण की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने 15-18 प्लस और प्रिकॉशनरी डोज़ दिए जाने की विस्तार से जानकारी ली।

उन्होंने उप विकास आयुक्त को सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों के पिछले एक महीने का वीकली रिपोर्ट देने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि सभी बीडीओ को कितना लक्ष्य दिया गया था और उन्होंने कितना प्राप्त किया, रिपोर्ट के माध्यम से बताएं।

उपायुक्त ने बैठक के दौरान बूथ के अनुसार घर-घर सर्वे कार्य की समीक्षा की। उन्होंने सभी ईआरओ को प्रखंड विकास पदाधिकारियों के साथ काम करने का निर्देश देते हुए कहा कि डोर टू डोर सर्वे का बूथ अनुसार डाटा एकत्र करें।

उपायुक्त ने इससे संबंधित रिपोर्ट बुधवार तक उपलब्ध कराने का निर्देश दिया ताकि पता चल सके कि कितने लोग शिफ्ट या माइग्रेट हुए और कितनों ने दूसरे जगह वैक्सीन ली है।

जिला में कोविड-19 टीकाकरण की समीक्षा के दौरान अच्छा प्रदर्शन करने वाले प्रखंड के बीडीओ की उपायुक्त ने प्रशंसा की, जबकि औसत से कम प्रदर्शन करने वाले बीडीओ को उपायुक्त ने कड़ी चेतावनी दी।

उपायुक्त ने सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि नौवीं कक्षा से ऊपर के शिक्षकों का डेपुटेशन रद्द करें।

साथ ही उन्होंने कोरोना के मामलों में आ रही गिरावट को देखते हुए सदर अस्पताल के चौथे और पांचवें तल्ले में सामान्य मरीजों के इलाज की व्यवस्था शुरू किए जाने का भी निर्देश दिया।

वर्चुअल माध्यम से आयोजित बैठक में रांची के उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी सदर एवं बुंडू सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, सिविल सर्जन, सभी कोषांगों के नोडल पदाधिकारी, जिला के सभी बीडीओ, सीओ, एमओआईसी एवं पीएमयू सदस्य उपस्थित थे।

Share This Article