रांची पिस्का माेड़ में अपराधियों ने युवक को मारी गोली, रिम्स में चल रहा इलाज

News Aroma Media
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: रांची के पिस्का मोड़ के पास मंगलवार की शाम अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

गोलीबारी की जानकारी मिलते ही लोग मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल युवक को रिम्स में भर्ती कराया।

घायल युवक की स्थिति गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच तेज कर दी है।

क्या है मामला

रांची के सुखदेवनगर थाना (Sukhdevnagar Police Station) क्षेत्र स्थित पिस्का मोड़ के पास देवी मंडप रोड में एक डॉक्टर के बेटे को अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर घायल कर दिया।

घायल युवक की पहचान रोहित कुमार के रूप में हुई है। गोलीबारी की जानकारी मिलते ही लोग घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन इससे पहले ही अपराधी घटना को अंजाम देकर फरार हो गया।

वहीं, मौके पर गंभीर रूप से घायल को तत्काल रिम्स में भर्ती कराया गया। इधर, पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी।

500 रुपये के लिए मारी युवक को गोली!

मात्र 500 रुपये के विवाद में युवक को गोली मारी गई है। गोली लगने से घायल छात्र का नाम रोहित कुमार बताया जा रहा है और वह मेडिकल की तैयारी कर रहा था।

मंगलवार की शाम करीब 7:30 पर देवी मंडप रोड के मुहाने पर रोहित अपने एक दोस्त के साथ खड़ा था उसी समय सौरभ वहां पहुंचा और रोहित पर गोली चला दी।

गोली लगते ही रोहित जमीन पर गिर पड़ा। वहीं गोली मारने के बाद सौरभ वहां से फरार हो गया। पुलिस अममले की जांच कर रही है।

राजधानी में नहीं थम रही गोलीबारी की घटना

रांची में पिछले एक सप्ताह में कई जगहों पर गोलीबारी की खबर है। 20 मार्च को कचहरी रोड स्थित न्यूक्लियस मॉल के पास भी गोली चली थी।

इस गाेलीबारी में भी एक युवक घायल हुआ था। इस मामले में बताया गया कि पूर्व प्रेमिका को गुलाल लगाने आये राहुल नामक युवक और युवती के जीजा के भाई गुड्डू सोनी के बीच विवाद हुआ।

इसके बाद राहुल ने गुड्डू पर गोली चला दी थी। सूचना मिलने पर लोअर बाजार मौके पर पहुंची थी और तत्काल घायल युवक को रिम्स पहुंचाया था।

वहीं, फायरिंग के बाद आरोपी राहुल को दो पिस्तौल और कारतूस के साथ पुलिस ने खदेड़ कर पकड़ा था।

इससे पहले रविवार की सुबह रांची के हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र के नदी ग्राउंड में आपसी विवाद में मारपीट के दौरान फायरिंग की घटना घटी थी।

इस फायरिंग में निजाम नगर निवासी मो नसीम के जांघ में गोली लगी थी। इसी बीच मारपीट और फायरिंग करने वाले वहां से भाग निकला था।

Share This Article