छात्रा की मौत: कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में लापरवाही का आरोप, प्रशासन ने शुरू की जांच

जामताड़ा के नारायणपुर में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में 11वीं छात्रा छामोली टुडू की मौत, परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाया; प्रशासन ने जांच और कार्रवाई की शुरुआत की।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Allegations of Negligence in Kasturba Gandhi Girls School : जामताड़ा जिले के नारायणपुर स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में 11वीं कक्षा की छात्रा छामोली टुडू (पिता–वीर टुडू, निवासी–ग्राम कुमार पहाड़ी) की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजन, ग्रामीण और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने विद्यालय प्रबंधन और वार्डन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया।

परिजनों के अनुसार, शनिवार को छात्रा की हालत अचानक खराब हुई, लेकिन उसे अस्पताल ले जाने में देरी हुई। छात्रा का भाई सुबह करीब 11 बजे विद्यालय पहुंचा, लेकिन उसे मुख्य गेट पर रोक दिया गया और बहन से मिलने नहीं दिया गया।

दो घंटे बाद जब वह फिर आया, तब तक वार्डन और प्रबंधन द्वारा छात्रा को निजी वाहन से नारायणपुर अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में करीब आधे घंटे इलाज के बाद छात्रा की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर नारायणपुर थाना के बाहर परिजन और ग्रामीण जमा हो गए और विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम करने की चेतावनी भी दी।

इस गंभीर स्थिति को देखते हुए, राज्य मंत्री इरफान अंसारी नारायणपुर थाना पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी ली। उन्होंने वार्डन पारुल मांझी और अन्य संबंधित शिक्षकों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करते हुए निलंबन प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया।

इसके साथ ही अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार की निगरानी में जांच कमेटी गठित की गई। मंत्री ने कहा कि छात्रा का पोस्टमार्टम रविवार को कराया जाएगा और रिपोर्ट जांच कमेटी को सौंपी जाएगी।

मंत्री ने यह भी बताया कि जांच में किसी की लापरवाही सामने आने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मृतक छात्रा के परिजनों को आर्थिक सहायता, आवास और पेंशन प्रदान करने का भी ऐलान किया गया। साथ ही परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए मृतक के भाई को विभाग में रोजगार देने का आश्वासन दिया गया।

 

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।