
Shiva Singh Arrested : लातेहार पुलिस ने उग्रवाद विरोधी अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए जेजेएमपी (झारखंड जनमुक्ति परिषद) के 5 लाख रुपये के इनामी सबजोनल कमांडर शिव नारायण सिंह उर्फ शिवा सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर संगठन के एरिया कमांडर सुकुल देव उरांव को भी पकड़कर जेल भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने प्रेस वार्ता में बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि शिवा सिंह अपने दस्ते के साथ सदर थाना क्षेत्र में घूम रहा है और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में है। सूचना के बाद पुलिस निरीक्षक प्रमोद कुमार सिन्हा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
धनकारा मोड़ के पास घेराबंदी कर गिरफ्तारी
पुलिस टीम ने धनकारा मोड़ के पास घेराबंदी कर शिवा सिंह को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर सिमरियाटाड़ तुपुखुर्द इलाके से सुकुल देव उरांव को भी हिरासत में लिया गया।
चार जिलों में दर्ज हैं 24 आपराधिक मामले
एसपी के अनुसार, शिवा सिंह लंबे समय से जेजेएमपी संगठन के लिए सक्रिय था और उसके खिलाफ लातेहार, चतरा, पलामू और रांची जिलों में कुल 24 मामले दर्ज हैं। इनमें रंगदारी, धमकी, उग्रवादी गतिविधियां और अन्य गंभीर अपराध शामिल हैं।
वहीं, गिरफ्तार एरिया कमांडर सुकुल देव उरांव के खिलाफ भी लातेहार जिले में दो मामले दर्ज बताए गए हैं।
‘जेजेएमपी संगठन खत्म होने की कगार पर’
एसपी कुमार गौरव ने कहा कि शिवा सिंह की गिरफ्तारी के बाद जिले में जेजेएमपी संगठन लगभग समाप्ति की ओर पहुंच गया है। उन्होंने जंगलों में सक्रिय अन्य उग्रवादियों से आत्मसमर्पण कर सरकार की पुनर्वास नीति का लाभ उठाने की अपील भी की।
अभियान में एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता, सब इंस्पेक्टर और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने कहा कि जिले में उग्रवाद के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

