
Neha Raj Murder Case : झुमरीतिलैया थाना क्षेत्र के मिटको कॉलोनी भंडरवा में हुई नेहा राज हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस जांच में सामने आया है कि अवैध संबंध और बदले की भावना के कारण इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया था।
शनिवार को प्रेस वार्ता करते हुए एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि गुरुवार को नेहा राज की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। मामले में कोडरमा थाना कांड संख्या 92/26 दर्ज कर त्वरित कार्रवाई शुरू की गई।
एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह और डीएसपी रतिभान सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा किया। पुलिस ने रोहित राणा (36) और उसकी पत्नी देवंती राणा (30) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में दोनों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल वाहन, चाकू और वारदात के समय पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।
जांच में पता चला कि मृतका नेहा राज के पति शंभू राणा का देवंती राणा के साथ अवैध संबंध था। इसी को लेकर बदले की भावना में हत्या की साजिश रची गई। पुलिस ने शंभू राणा के खिलाफ भी अलग मामला दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।
फिलहाल इस मामले में रोहित राणा, देवंती राणा और शंभू राणा को गिरफ्तार कर आगे की पूछताछ की जा रही है।

