भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस विधायक राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी

News Aroma Media
1 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: पंजाब कांग्रेस के नेता एवं विधायक राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली।

सोढ़ी ने हाल ही में कांग्रेस से इस्तीफा दिया है। भाजपा में शामिल होने के बाद सोढ़ी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की।

भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय मंत्री और पंजाब भाजपा प्रभारी गजेन्द्र सिंह शेखावत, केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव, मनजिंदर सिंह सिरसा और महासचिव दुष्यंत गौतम की उपस्थिति में सोढ़ी और उनके साथ कई अन्य ने पार्टी की सदस्यता ली।

शेखावत ने राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी को अंगवस्त्र और प्राथमिक सदस्यता की पर्ची देकर भाजपा में शामिल कराया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कार्यशैली और भाजपा की नीतियों में विश्वास व्यक्त करते हुए सोढ़ी ने कहा कि वह पंजाब में पार्टी को मजबूती देने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा में शामिल होना, पंजाब और पंजाबियत के लिए काम करने की उनकी प्रतिबद्धता का सम्मान है। सोढ़ी ने कहा कि उन्हें कांग्रेस में घुटन महसूस हो रही थी, इसलिए उन्होंने भाजपा के साथ काम करने का फैसला किया।

भाजपा में शामिल होने के बाद सोढ़ी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की।

Share This Article