झारखंड कांग्रेस का तीन दिवसीय चिंतन शिविर शुरू, अविनाश पांडे ने कहा- देश में अमन-चैन के लिए कांग्रेस की वापसी जरूरी

News Aroma Media
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गिरिडीह: अहिंसा के प्रवर्तक पार्श्वनाथ की धरा पर मधुबन शिखरजी में रविवार को कांग्रेस के बड़े नेताओं की मौजूदगी में झारखंड के कांग्रेस कार्यकर्ताओं का तीन दिवसीय चिंतन शिविर प्रारम्भ हुआ।

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए झारखंड कांग्रेस के प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की ताकत कार्यकर्ता रहे हैं। कार्यकर्ताओं के संघर्ष के बल पर ही पार्टी को लक्ष्य की प्राप्ति होती ह्रै।

उन्होंने कहा कि देश में अमन-चैन और शांति के लिए कांग्रेस को वापस लाना अत्यन्त जरूरी है तभी देशवासियों का भला होगा।

साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि कांग्रेस को मजबूत करने के लिए हम सभी को जमीनी स्तर पर काम करने की जरूरत है।

सिद्धांयतन भवन के सभागार में 22 फरवरी तक चलने वाले चिंतन शिविर में मुख्य रूप से झारखंड कांग्रेस के प्रभारी अविनाश पाण्डेय, सह प्रभारी उमंग सिंघार, प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, सगंठन प्रभारी केसी वेणुगोपाल बतौर वक्ता शिविर में प्रस्तावित विषयक सत्रों को संबोधित करेंगे।

इससे पहले तीन दिवसीय शिविर का उद्घाटन पार्टी के राज्य प्रभारी अविनाश पांडे, राज्य के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, पार्टी के वरीय नेता और कोलकाता से आए बीपी राय के साथ वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, कृषि मंत्री बादल पत्रलेख समेत कई नेताओं ने दीप प्रज्वलित कर किया।

शिविर में पूरे प्रदेश से पार्टी के 150 डेलीगेट शामिल हुए। इसमें सांसद गीताश्री उरांव, पूर्व अध्यक्ष सुखदेव भगत, प्रदीप बालमुचू, सुबोध कांत सहाय, इरफान अंसारी, अम्बा प्रसाद, प्रदेश प्रवक्ता राजीव सिंह, आलोक दुबे, इंटक के वरीय नेता ददई दूबे, जिला कांग्रेस के जिला अध्यक्ष नरेश वर्मा, आयोजन समिति के सतीश केडिया, उपेन्द्र सिंह, अशोक विश्वकर्मा, अजय सिन्हा, जमुआ प्रत्याशी मंजू कुमारी समेत कई शामिल हुए।

शिविर में जिला कांग्रेस के नेताओं को बैठक से बाहर ही रखा गया था, जबकि उद्घाटन के बाद सिर्फ प्रदेश नेता ही शिविर हॉल में शामिल हुए।

शिविर में स्वागत भाषण के दौरान प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा की हेमंत सरकार कांग्रेस के सहयोग से चल रही है और आने वाले दिनों में इसी हेमंत सरकार के नेतृत्व में हर वर्ग को उसका अधिकार दिलाना है।

साथ ही हेमंत सरकार का पूरा सहयोग भी कांग्रेस को करना है। क्योंकि, सरकार कांग्रेस के सहयोग से चल रही है।

Share This Article