गुमला में जादू-टोने का आरोप लगाकर पहले की मारपीट, फिर पत्थर से कूच दिया, मौत

News Aroma Media
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गुमला: सदर थाना क्षेत्र के कोयनारा बड़का टोली गांव में गुरुवार देर रात जादू-टोना और डायन बिसाही का आरोप लगाते हुए छह लोगों ने किसान मंगरु खड़िया उर्फ मंगरु पहान (50) की हत्या कर दी।

उसके साथ पहले मारपीट की गई। फिर पत्थर से कूच दिया गया। इतने से भी मन नहीं भरा तो हमलावारों ने किसान के शरीर को टांगी से काट दिया।

घटना के दौरान मौके पर मौजूद रही पत्नी शानियरो देवी, बेटी सुकर मुनि कुमारी और बहू कन्द्री देवी ने भाग कर जान बचाई।

पुलिस के अनुसार जमीन विवाद में वारदात को अंजाम दिया गया है। बताया जाता है कि घटना की सूचना मंगरु के बेटे सुखराम खड़िया ने पुलिस अधीक्षक डॉक्टर एहतेशाम वकारीब और थाना प्रभारी मनोज कुमार को दी। पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को घटना में शामिल छह में से चार आरोपितों को हिरासत में ले लिया है।

फिलहाल इन लोगों को थाने में रखकर पूछताछ की जा रही है। घटना के बारे में बेटे सुखराम खड़िया ने बताया कि उनके पिता मंगरु खड़िया घर पर पत्नी, बेटी और बहू के साथ रहते थे। गुरुवार की शाम वह अपने पशुओं को घर के अंदर बांध रहे थे।

इसी दौरान शोर मचाने को लेकर गांव की जसमती देवी और सहदेव गोप की पत्नी ने परिवार के साथ विवाद शुरू कर दिया। थोड़ी देर में इनके समर्थन में राजू रजक, सूरज गोप, सहदेव गोप, जेठू खड़िया, बुधु खड़िया, लीलावती देवी अपने हाथों में लाठी डंडा व टांगी लेकर आ गए।

इन लोगों ने परिवार के लोगों पर जादू-टोना और डायन-बिसाही का आरोप लगाते हुए हमला कर दिया गया। बुजुर्ग को पहले लाठी-डंडों से पीटा।

पत्थर से कूचा। इसके बार टांगी से हमला किया। आरोपितों ने परिवार के दूसरे सदस्यों को भी जान से मारने की कोशिश की।

परिवार के दूसरे सदस्यों ने घर से भागकर जान बचाई। परिवार के लोगों ने बेटे को घटना की सूचना दी। पीड़ित परिवार का दावा है कि मंगरु खड़िया पर तीन वर्ष पहले भी जानलेवा हमला किया गया था।

पड़ोसी आरोप लगा रहे थे कि उनकी वजह से ही गांव के लोग बीमार पड़ रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में जसमती देवी, सूरज गोप, सहदेव गोप व बुधु खड़िया को हिरासत में लिया है।

इस संबंध में थाना प्रभारी मनोज कुमार ने कहा कि प्रथम दृष्टया जमीन विवाद में हत्या की बात सामने आई है। दूसरे सभी बिन्दुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस मामले के सभी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

Share This Article