भारत

निकाय चुनाव में भाजपा को मिली जीत पर बोले प्रधानमंत्री ‘शुक्रिया गुजरात’

नई दिल्ली: गुजरात में हुए निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को जबरदस्त जीत मिली है।

इस शानदार जीत के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी है।

इस दौरान सभी ने राज्य के लोगों को भी धन्यवाद ज्ञापित किया।

गुजरात नगर निकाय चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोगों को शुक्रिया अदा किया।

उन्होंने ट्वीट कर कहा, “शुक्रिया गुजरात! राज्य में नगर निगम चुनाव के परिणाम स्पष्ट संदेश देते हैं कि लोगों में विश्वास और सुशासन की राजनीति के प्रति अटूट विश्वास है।

भाजपा पर फिर से भरोसा करने के लिए राज्य की जनता का आभारी हूं। गुजरात की सेवा करना हमारा सम्मान है।”

एक अन्य ट्वीट में पीएम मोदी ने लिखा कि वो गुजरात भाजपा के हर कार्यकर्ता के प्रयासों की सराहना करते हैं, जिन्हें जन-जन तक पार्टी की पहुंच बनाई।

उन्होंने कहा कि आज की जीत बहुत खास है क्योंकि राज्य में दो दशक से अधिक समय से भाजपा लगातार बड़ी पार्टी बनी हुई है।

समाज के सभी वर्गों, खासकर भाजपा के प्रति गुजरात के युवाओं का व्यापक समर्थन देखना खुशी की बात है।

गृहमंत्री अमित शाह ने मंगलवार को गुजरात निकाय चुनावों में भाजपा पर भरोसा करने के लिए राज्य के लोगों को दिल से बधाई दी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य की डबल इंजन वाली सरकार गरीबों और वंचित वर्ग के लोगों के विकास के लिए लगातार काम रही है।

आज मिली जीत भी भाजपा की नीतियों पर लोगों के भरोसा को प्रमाणित करती है।

वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी पार्टी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया।

उन्होंने ट्वीट कर कहा कि ‘गुजरात की सभी छह महानगर पालिका में हुए निकाय चुनावों में भाजपा को जबरदस्त सफलता मिली है।

इस अभूतपूर्व विजय के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं, सक्षम नेतृत्व तथा मतदाताओं को धन्यवाद देता हूं।’

एक अन्य ट्वीट में नड्डा ने कहा कि गुजरात भाजपा की यह जीत प्रधानमंत्री मोदी की जन-कल्याणकारी और विकासोन्मुख नीतियों को प्रति जनता के भरोसे का परिणाम है।

भविष्य में भी भाजपा लगातार जन सरोकार और उनकी बेहतरी के लिए कार्य करती रहेगी।

Back to top button
Close

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker