Army Vehicle Accident : राजधानी रांची में रविवार सुबह एक तेज रफ्तार कार और सेना के वाहन के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार दो युवतियां और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और तीनों लोग वाहन के अंदर ही फंस गए।

घटना प्लाजा चौक के पास की बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों की मदद से काफी मशक्कत के बाद तीनों घायलों को कार से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया।
तेज रफ्तार कार ने खोया नियंत्रण
स्थानीय लोगों के मुताबिक सेना का वाहन प्लाजा चौक के पास से जेल मोड़ की तरफ मुड़ रहा था। इसी दौरान पुरुलिया रोड की ओर से तेज गति से आ रही सफेद रंग की कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे सेना के वाहन से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं सेना के वाहन के बाएं हिस्से में भी काफी नुकसान पहुंचा है।
कार में फंसे थे तीनों घायल
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। उस समय पुलिस की एक टीम भी इलाके में गश्त कर रही थी। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसमें सवार तीनों लोग अंदर फंस गए थे।
स्थानीय लोगों और पुलिस ने मिलकर उन्हें बाहर निकाला। इसके बाद तीनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि घायलों के सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल तीनों की पहचान नहीं हो पाई है।
लालपुर और लोअर बाजार पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही लालपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में लोअर बाजार थाना की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार को सड़क से हटवाया।
लोअर बाजार थाना प्रभारी लव सिंह के मुताबिक शुरुआती जांच में कार की तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही हादसे की वजह सामने आ रही है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


