इस मामले में झारखंड को देशभर में मिला तीसरा स्थान

News Aroma Media
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : झारखंड के लिए अच्छी खबर है। आजादी का अमृत महोत्सव कैंपेन के दौरान देश भर में चलाये गये नॉन कम्युनिकेबल डिजीज (एनसीडी) स्क्रीनिंग में झारखंड ने शानदार प्रदर्शन किया है।

एनसीडी स्क्रीनिंग कैंपेन में अच्छा प्रदर्शन करने पर देश के राज्यों में झारखंड को तीसरा स्थान मिला है।

दिल्ली के होटल अशोका में आयोजित समारोह में केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री डॉ भारती पवार ने इसके लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के मिशन निदेशक रमेश घोलप को पुरस्कार और प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया।

झारखंड के गुमला जिला अंतर्गत गम्हरिया आयुष्मान भारत हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में कार्यरत टीम (सीएचओ अल्का खलखो, एएनएम बरेन मिंज तथा सहिया सालो देवी) को उत्कृष्ट सेवा प्रदान करने के लिए सम्मानित किया गया।

गौरतलब है कि भारत की आजादी के 75 साल पूरे होने का जश्न मनाने के लिए केंद्र सरकार ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ मना रही है।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से 16 नवंबर से 12 दिसंबर 2021 तक स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न गतिविधि के बारे में देशभर के विभिन्न राज्यों के क्रियाशील हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के लिए लक्ष्य का निर्धारण किया गया था।

इसमें प्रति सेंटर 100 गैर संचारी रोगों (नॉन कम्युनिकेबल डिजीज) की जांच एवं इलाज, प्रति सेंटर 10 वेलनेस एक्टिविटी (योगा सेशन, मॉर्निंग वॉक) आदि प्रमुख गतिविधियां शामिल थीं।

आयुष्मान भारत हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ गैर-संचारी रोगों की रोकथाम एवं इलाज की सुविधा उपलब्ध करायी जा रही है।

झारखंड में कुल एक हजार, 633 आयुष्मान भारत हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर संचालित हैं। इन सेंटर्स की ओर से 16 नवंबर से 12 दिसंबर के दौरान कुल दो लाख 33 हजार 189 वयस्क व्यक्तियों की स्वास्थ्य जांच की गयी।

यह केंद्र सरकार की ओर से निर्धारित लक्ष्य एक लाख 61 हजार 900 से 71 हजार 289 अधिक है।

इस दौरान सभी आयुष्मान भारत हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर स्वास्थ्य संबंधी कुल 15 हजार 684 गतिविधियां की गयीं। इसमें झारखंड के कुल चार लाख 45 हजार 853 लोगों ने भाग लिया।

Share This Article