छठ पूजा की तैयारियों को लेकर आरएमसी में समीक्षा बैठक, 50 कृत्रिम जलाशयों के निर्माण कराएगा निगम

रांची नगर निगम ने छठ पूजा की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। शहर में 50 से अधिक कृत्रिम तालाब बनेंगे, घाटों की सफाई और रोशनी व्यवस्था दुरुस्त होगी।

News Aroma
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: महापर्व छठ की तैयारियों को लेकर रांची नगर निगम में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। नगर आयुक्त सुशांत गौरव और अपर नगर आयुक्त संजय कुमार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में शहर की कई छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान छठ घाटों की साफ-सफाई, पहुंच पथों की मरम्मत, लाइटिंग, सिविल वर्क और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं को समय पर दुरुस्त करने पर विस्तार से चर्चा की गई।

श्रमदान से स्वच्छ बनाए जाएंगे जलाशय

बैठक के बाद नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने बताया कि विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों के घाटों से जुड़ी समस्याओं और सुझावों को निगम के समक्ष रखा है। इसमें तालाबों में जल की आवक व निकासी, घाटों के आसपास की मरम्मत, लाइटिंग और सौंदर्यीकरण कार्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि छठ पर्व लोगों को जल स्रोतों से जोड़ने और जल संरक्षण का संदेश देने का बहुत बड़ा माध्यम है। नगर निगम ने अपील की है कि स्थानीय लोग और पूजा समितियां आगामी 15 से 20 दिनों तक श्रमदान कर जलाशयों की सफाई और संरक्षण में अपना योगदान दें।

50 से अधिक बनाए जाएंगे कृत्रिम जलाशय

शहर में छठ व्रतियों की सुविधा के लिए कृत्रिम जलाशयों के निर्माण पर नगर आयुक्त ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी शहर में 50 से अधिक कृत्रिम तालाब बनाए जाएंगे। इसके लिए नगर निगम जेसीबी की मदद से खुदाई कराएगा। साथ ही पुराने छोटे जलाशयों की सफाई कराकर उनमें पानी की समुचित व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि यदि किसी अन्य क्षेत्र से भी कृत्रिम जलाशय बनाने की मांग आती है, तो निगम हर संभव सहयोग प्रदान करेगा।

बैठक में शामिल हुए बड़ा तालाब छठ पूजा समिति के प्रतिनिधि चुन्नू मिश्रा ने बताया कि पिछले वर्ष की सफाई व्यवस्था कुल मिलाकर अच्छी थी, हालांकि कुछ कमियां रह गई थीं। इस बार उन सभी कमियों को नगर निगम के समक्ष रखा गया है। उन्होंने मांग की कि छठ से पहले घाटों तक जाने वाली सड़कों की मरम्मत, लाइटिंग और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने विश्वास जताया कि छठ पूजा समितियां अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए नगर निगम के साथ बेहतर समन्वय बनाकर इस महापर्व को भव्य और ऐतिहासिक तरीके से संपन्न कराएंगी।

Share This Article