झारखंड में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने जारी किये ये निर्देश

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांचीः देश में कोरोना संक्रमण के मामलों में आयी उछाल को देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने हाई अलर्ट जारी किया है।

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने पांच राज्यों को पत्र लिखा है, जिसमें उन्हें अपने राज्य में कोरोना का प्रसार रोकने के लिए कड़े कदम उठाने का निर्देश दिया गया है। इन पांच राज्यों में झारखंड भी शामिल है।

झारखंड के स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह को लिखे अपने पत्र में केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने कहा है कि झारखंड में पिछले कुछ दिनों में कोरोना संक्रमण के नये मामलों में काफी तेजी दिखी है।

उन्होंने कोरोना जांच की व्यवस्था को बढ़ाने का निर्देश दिया है। साथ ही, कोरोनारोधी टीकाकरण को भी बढ़ाने को कहा है।

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने कोरोना के प्रसार को रोकने के लिए कोरोना से जुड़ी पाबंदियां लगाने का भी निर्देश दिया है।

गौरतलब है कि झारखंड में 29 दिसंबर को एक दिन में 344 संक्रमित मरीज पाये गये।

राज्य में कोरोना संक्रमण की तेज रफ्तार के मद्देनजर अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह ने राज्य के सभी जिलों के उपायुक्तों को केंद्र सरकार से मिली कोरोना गाइडलाइन का पालन करने को लेकर पत्र लिखा है।

पत्र में उन्होंने टेस्ट, ट्रैक, आइसोलेशन, ट्रीट तथा वैक्सीनेशन पर खास फोकस करने का निर्देश दिया है।

Share This Article