चलती ट्रेन में पिस्तौल लहराकर यात्रियों को धमकाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, RPF की बड़ी कार्रवाई

हावड़ा-हटिया क्रियायोगा एक्सप्रेस में पिस्तौल लहराकर यात्रियों को धमकाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार। आरपीएफ ने देशी हथियार और जिंदा कारतूस बरामद कर बड़ी कार्रवाई की।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Train Crime : रेल सुरक्षा बल ने चलती ट्रेन में यात्रियों को अवैध हथियार दिखाकर धमकाने वाले दो अपराधियों को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। यह घटना ट्रेन संख्या 18615 हावड़ा-हटिया क्रियायोगा एक्सप्रेस में हुई, जहां आरोपियों के कारण यात्रियों में दहशत फैल गई थी।

जानकारी के अनुसार रांची मंडल के कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर आरपीएफ की टीम ट्रेन में सुरक्षा जांच और एस्कॉर्टिंग ड्यूटी कर रही थी। इसी दौरान कीता रेलवे स्टेशन पार करने के बाद सामान्य कोच से शोर-शराबे और अफरा-तफरी की आवाज सुनाई दी।

तुरंत कार्रवाई करते हुए आरपीएफ टीम कोच में पहुंची, जहां एक युवक अवैध देशी पिस्तौल लहराकर यात्रियों को धमका रहा था, जबकि उसका साथी यात्रियों के साथ अभद्र व्यवहार कर रहा था। दोनों की हरकतों से कोच में भय का माहौल बन गया था।

आरपीएफ जवानों ने साहस और तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान एक देशी पिस्तौल और 7.65 एमएम का जिंदा कारतूस बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अकीब खान और रेहान खान के रूप में हुई है। दोनों बड़ियातू क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें यह हथियार जमशेदपुर के एक अज्ञात व्यक्ति ने टाटानगर रेलवे स्टेशन के पास उपलब्ध कराया था। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि वे हथियार को रांची के स्थानीय इलाके में सप्लाई करने वाले थे।

ट्रेन के रांची रेलवे स्टेशन पहुंचने पर आरपीएफ और अपराध शाखा की टीम ने दोनों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की। बाद में दोनों आरोपियों को बरामद हथियार और कारतूस के साथ आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी रांची को सौंप दिया गया है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।