राउत ने अमित शाह के खिलाफ राहुल की टिप्पणी का बचाव किया

संजय राउत ने अमित शाह पर राहुल गांधी की टिप्पणी का बचाव करते हुए कहा कि ‘इडियट’ असंसदीय शब्द नहीं है। उन्होंने नोटिस को सरकार की नासमझी करार दिया।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

मुंबई: शिवसेना (उबाठा) के नेता संजय राउत ने रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की टिप्पणियों का बचाव करते हुए एक लोकप्रिय बॉलीवुड फिल्म के शीर्षक का ज़िक्र किया और कहा कि इन टिप्पणियों को ‘‘असंसदीय’’ नहीं माना जा सकता।

लोकसभा सचिवालय ने नेता प्रतिपक्ष से ‘विशेषाधिकार हनन’ की दो अलग-अलग शिकायतों पर जवाब मांगा है। ये शिकायतें भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर और संजय जायसवाल ने प्रश्नपत्र लीक रोधी विधेयक पर बहस के दौरान शाह के खिलाफ राहुल गांधी की टिप्पणियों को लेकर दर्ज कराई गई थीं। सचिवालय ने गांधी से कहा है कि वह अपने खिलाफ लगे आरोपों पर 28 अगस्त तक जवाब दें।

राउत ने पत्रकारों से कहा, ‘‘ ‘इडियट’ कोई असंसदीय शब्द नहीं है। किसी को ‘इडियट’ कहना असंसदीय नहीं है। इस शब्द का इस्तेमाल उन लोगों को बुरा लग सकता है जो ‘इडियट’ हैं। अगर गांधी को कोई नोटिस भेजा गया है, तो यह सरकार की नासमझी है।’’

बॉलीवुड की ब्लॉकबस्टर फ़िल्म ‘3 इडियट्स’ का ज़िक्र करते हुए राज्यसभा सदस्य ने तर्क दिया कि अगर ‘इडियट’ एक असंसदीय शब्द है, तो सेंसर बोर्ड पर प्रतिबंध लगा दिया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री संसद में नहीं आते और सवालों का जवाब नहीं देते।

राउत ने आरोप लगाया, ‘‘सभी ‘इडियट’ को एक साथ लाया जा रहा है और महाराष्ट्र तथा देश में सरकारें चलाई जा रही हैं।’’

शिक्षा और भर्ती परीक्षाओं में कथित भ्रष्टाचार को लेकर योग गुरु रामदेव की ओर से संभावित नए विरोध प्रदर्शन की चेतावनी पर राउत ने कहा कि ऐसा लगता है कि उन्हें देश में राजनीतिक हवाओं का बदलता रुख समझ आ गया है।

राउत ने कहा, ‘‘रामदेव को शायद यह एहसास हो गया है कि मौजूदा सरकार बदल जाएगी। उन्हें पता है कि सरकार बदलने के बाद केंद्रीय एजेंसियां छापेमारी कर सकती हैं, इसलिए वह ऐसी कवायद कर रहे हैं।’’

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।