रांची में छठ तक चलेगा अभियान, नगर निगम प्रशासक सुशांत गौरव ने दिए कड़े निर्देश

News Update
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Ranchi: नगर निगम के प्रशासक सुशांत गौरव ने गुरुवार को निगम सभागार में इनफोर्समेंट टीम के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की।

बैठक में फील्ड स्तर पर हो रही चुनौतियों की जानकारी ली गई और चल रहे कार्यों की प्रगति का मूल्यांकन किया गया। प्रशासक ने शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए कई सख्त निर्देश जारी किए।

अतिक्रमण और जाम हटाने पर युद्धस्तर का अभियान, अवैध कब्जे तत्काल समाप्त करें

प्रशासक सुशांत गौरव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर को यातायात जाम और अतिक्रमण से पूरी तरह मुक्त बनाने के लिए युद्धस्तरीय अभियान चलाया जाए। मुख्य सड़कों, चौक-चौराहों से सभी अवैध कब्जे तुरंत हटाए जाएं। उन्होंने कहा कि सड़कों या खुले स्थानों पर कचरा या निर्माण मलबा फेंकने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो, जिसमें जुर्माना और अन्य सजाएं शामिल होंगी।

दुकानदारों पर दो डस्टबिन अनिवार्य, तालाबों की सफाई पर सख्ती

सभी दुकानदारों को अपनी दुकानों में दो डस्टबिन रखना अनिवार्य कर दिया गया है। ऐसा न करने पर भारी जुर्माना लगेगा।

तालाबों में कचरा डालने या गंदगी फैलाने वालों पर चालान काटा जाए, और जरूरत पड़ने पर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। नगर निगम के कार्यों में बाधा डालने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए गए।

छठ पूजा से पहले तालाबों पर गश्त, पर्व के बाद सफाई और यातायात पर जोर

प्रशासक ने निर्देश दिए कि छठ पूजा से पहले तालाबों के आसपास रात में गश्त बढ़ाई जाए और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। किसी भी प्रकार का अतिक्रमण मिलने पर उसे फौरन हटाया जाए।

यह अभियान छठ पर्व तक निरंतर चलेगा, और पर्व समाप्ति के बाद स्वच्छता अभियान तथा यातायात सुधार पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा। बैठक में उप प्रशासक गौतम प्रसाद साहू, सहायक प्रशासक, इनफोर्समेंट अधिकारी और अन्य निगम अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article