
Pakur News : रथ मेला में श्रद्धालुओं की भीड़ का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पाकुड़ पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में पश्चिम बंगाल के दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 6 चोरी के मोबाइल फोन और 7,390 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) कुमार गौरव ने शुक्रवार को नगर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि 16 जुलाई को रथ मेला के दौरान भारी भीड़ का फायदा उठाकर चोरों ने कई श्रद्धालुओं के मोबाइल, पर्स, नकदी और सोने की चेन चोरी कर ली थी।
घटना के बाद पीड़ित विश्वजीत सरकार, वंदना देवी, प्रमिला मंडल, प्रियंका देवी, पद्मावती देवी और नमिता मंडल की शिकायत पर नगर थाना में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर एसडीपीओ कुमार गौरव के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।
जांच के दौरान तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोहन सिंह और रेखा देवी के रूप में हुई है। दोनों पश्चिम बंगाल के बर्धमान जिले के पांडेश्वर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है।
इस कार्रवाई में एसडीपीओ कुमार गौरव के साथ नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता, एसआईटी, तकनीकी शाखा और नगर थाना की पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

