झारखंड में 26 जनवरी से पेट्रोल पर 25 रुपये प्रति लीटर की राहत, जानें कैसे मिलेगा लाभ

News Aroma Media
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड में अपने दो साल पूरे होने पर राज्य सरकार ने गरीब और मध्यम वर्ग को सस्ते पेट्रोल का तोहफा दिया है।

राज्य के राशन कार्डधारकों को 26 जनवरी से मोटरसाइकिल में पेट्रोल भरवाने के लिए 25 रुपए की छूट दी जाएगी। यह राशि डायरेक्ट बैंक ट्रांसफर (डीबीटी ) के माध्यम से उनके खाते में भेजी जाएगी।

एक कार्डधारक को हर महीने 10 लीटर पेट्रोल की खरीदारी पर यह छूट दी जाएगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने यह घोषणा मोरहाबादी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में की। कोरोना काल में झारखंड सरकार की ओर से यह पहला बड़ा आयोजन हुआ।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि पेट्रोल-डीजल का दाम आसमान छू रहा है। इसका सबसे अधिक असर गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को हुआ है।

उन्होंने कहा कि एक गरीब व्यक्ति घर में बाइक रखते हुए भी पेट्रोल के पैसे नहीं रहने के कारण अपनी बाइक नहीं चला पा रहे थे लेकिन अब राज्य सरकार इन गरीबों की परेशानी को काफी हद तक कम करने में जुटी है।

इसके तहत ही अब गरीबों को पेट्रोल में 25 रुपये प्रति लीटर की छूट दे रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार में दो साल पूरे कर लिए। इन दो सालों में सभी लोगों ने कई चीजों को करीब से देखा। इस दौरान कोरोना की वजह से वैश्विक संकट का सामना किया जा रहा है।

कोरोना अभी खत्म नहीं हुआ

कोरोना अभी खत्म नहीं हुआ है। ये दो साल सभी लोगों को चुनौती से भरा रहा। अगर अब लगता है चुनौतियों से भरा वक्त बीत चुका है। अब विकास को रफ्तार दी जाएगी। अब राज्य को आगे बढ़ने का वक्त आ गया है। निश्चित रूप से झारखंड आगे बढ़ेगा।

उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों में काम करना है। कई समस्याओं से निपटना है। कोरोना की वजह से डेढ़ साल तक हाथ पर हाथ धरे बैठने का काम किया।

पिछले छह महीने से गांव से लेकर शहर तक पहुंचाने का प्रयास किया, जहां के लोग उम्मीद नहीं करते थे, वहां आज हमारे पदाधिकारी, मंत्री, विधायक सांसद पहुंच रहे हैं।

इस मंच से कई लोगों को सांकेतिक रूप से परिसंपत्तियां बांटी गईं।16 हजार करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास किया गया। आने वाले 20-30 साल की योजना बना रहे हैं।

राज्य को कुदरत ने खनिज संपदा दी है साथ ही कुदरत ने प्रकृति का भी अकूत भंडार दिया है। खिलाड़ी भी दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पारा शिक्षकों की मांगें मानी जायेंगी। हर समस्या का नियमसंगत समाधान निकाला जाएगा, जितने भी अनुबंधकर्मी हैं, सबकी समस्याओं का समाधान होगा।

किसी भी समस्या का हल धरना-प्रदर्शन से नहीं बल्कि वार्ता से निकलेगा। सरकार हर स्तर पर हर वर्ग से वार्ता करने के लिए तौयार है। धरना-प्रदर्शन से राज्य का विकास बाधित हो रहा है।

इससे परहेज करना चाहिए। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि आप सरकार का सहयोग करें, सरकार आपकी मदद के लिए तैयार है।

75 रुपए प्रति लीटर तक मिल सकता है पेट्रोल

अभी झारखंड में पेट्रोल 98.52 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है, लेकिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की घोषणा के बाद यदि इसमें 25 रुपए कम किए जाएं तो पेट्रोल के दाम 75.52 रुपए प्रति लीटर रह जाते हैं।

हालांकि वैट और अन्य टैक्स में छूट के आधार पर सही मायने में तय होगा कि यह छूट 25 रुपए ही होगी या इससे ज्यादा की रहेगी।

Share This Article