झारखंड में पुलिस पर मारपीट कर रुपये छिनने का आरोप, पीड़ित युवक का चल रहा इलाज

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

धनबाद: धनसार थाना क्षेत्र के दो युवकों ने झरिया थानांतर्गत बोर्रागढ़ ओपी में कार्यरत एक पुलिसवाले पर गुरुवार को गाली-गलौच और बुरी तरह से मारपीट करते हुए आधार कार्ड तथा 3500 रुपये नगद छीन लेने का आरोप लगाया है।

मामले में घायल इंजीनियर उपेंद्र कुमार इलाज के लिए धनबाद के एसएनएमएमसीएच में भर्ती है।

उसने मीडिया को बताया कि बोर्रागढ़ ओपी क्षेत्र अंतर्गत सड़क पर वह लोग अपनी स्विफ्ट कार को खड़ा किए हुए थे। इसी दौरान पुलिस की गश्ती गाड़ी उन तक पहुंची और गाड़ी साइड करने को कहा।

इस बाबत घायल इंजीनियर उपेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि गाड़ी का ड्राइवर नाश्ता करने गया हुआ है और मुझे गाड़ी चलानी नहीं आती है। ड्राइवर के आते ही गाड़ी हटा लेंगे।

इसी बात को लेकर गश्ती दल में शामिल एएसआई गुस्से में आ गए और उसे गाली देते हुए बुरी तरह से मारने पीटने लगे।

इसके पश्चात गश्ती गाड़ी में बैठा कर उसे वह लोग बोर्रागढ़ ओपी ले गए, जहां पर ओपी में मौजूद एक पुलिसकर्मी ने उसके जेब से आधार कार्ड और 3500 रुपये निकाल लिया।

साथ ही उसे बर्बाद कर देने की धमकी देते हुए वहां से चले जाने को कहा। जबकि उपेंद्र के साथ मौजूद उसका भाई निखिल कुमार का भी आरोप है कि उसे भी पुलिस ने जमकर मारा पीटा और जिंदगी बर्बाद करने की धमकी दी।

घटना के बाद दोनों युवक अपने इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच में भर्ती हुए। जहां उनका इलाज चल रहा है।

Share This Article