
रांची : राजस्थान के नीमराणा से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक अवैध कबाड़ गोदाम में लगी भीषण आग ने कई जिंदगियों को तबाह कर दिया। इस हादसे में झारखंड के मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नीमराणा इलाके में शुक्रवार शाम करीब 5 बजे एक अवैध कबाड़ गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। मिली जानकारी के मुताबिक, गोदाम में कबाड़ से निकली परफ्यूम की बोतलों को तोड़ा जा रहा था, जिनसे ज्वलनशील केमिकल निकल रहा था। इसी दौरान वहां पहुंचे एक पिकअप चालक ने बीड़ी जलाकर तीली फेंक दी, जिससे केमिकल में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। कुछ ही मिनटों में आग पूरे गोदाम में फैल गई। अंदर रखे केमिकल से भरे ड्रमों में जोरदार धमाके होने लगे, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के समय गोदाम में मजदूरों के साथ उनके बच्चे भी मौजूद थे। आग लगते ही लोग जान बचाने के लिए भागे, लेकिन मुख्य गेट पर खड़े वाहन ने रास्ता रोक दिया। कई मजदूर बाहर नहीं निकल सके और आग की चपेट में आ गए।
इस दर्दनाक हादसे में झारखंड के चार मजदूरों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जिनमें एक मासूम बच्ची भी शामिल बताई जा रही है। वहीं कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं और कुछ के लापता होने की भी खबर है। आग इतनी भीषण थी कि पास की प्लास्टिक फैक्ट्री तक लपटें पहुंच गईं और पूरे इलाके में धमाकों की आवाजें सुनाई देती रहीं।
सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। शव बुरी तरह जल चुके हैं, जिससे पहचान करना मुश्किल हो गया है। प्रशासन ने डीएनए जांच के जरिए पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह गोदाम अवैध रूप से चल रहा था और पहले भी इसकी शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

