
राँची : राँची-डाल्टनगंज मार्ग पर स्थित मांडर टोल प्लाजा में टोल टैक्स की दरों में भारी बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दर लागू होने के बाद अब छोटे वाहनों (कार) से एक तरफ जाने के लिए ₹80 की जगह ₹120 वसूले जा रहे हैं। वहीं, एक ही दिन में वापसी करने पर पहले कुल ₹120 देना पड़ता था, जो अब बढ़कर ₹180 हो गया है।
इस बढ़ोतरी का सीधा असर पलामू, गढ़वा, लातेहार और लोहरदगा जिले के हजारों लोगों पर पड़ेगा, जो रोजाना काम, इलाज, व्यापार और अन्य जरूरी कार्यों के लिए इस मार्ग से राँची आते-जाते हैं। आम लोगों का कहना है कि पहले से ही इस सड़क की स्थिति कई जगह खराब है, बावजूद इसके टोल दरों में अचानक भारी वृद्धि कर दी गई।
पहले और अब का अंतर :
पहले : ₹80 (वन वे) + ₹40 (रिटर्न) = ₹120
अब : ₹120 (वन वे) + ₹60 (रिटर्न) = ₹180
वाहन चालकों और स्थानीय लोगों में इस फैसले को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि जब सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं और यात्रा के दौरान परेशानियों का सामना करना पड़ता है, तब टोल शुल्क बढ़ाना आम जनता पर अतिरिक्त बोझ डालने जैसा है।
लोगों ने सवाल उठाया है कि आखिर खराब सड़क और अधूरी सुविधाओं के बीच टोल टैक्स में इतनी बड़ी बढ़ोतरी कहां तक सही है? साथ ही सरकार और संबंधित एजेंसी से टोल दरों की समीक्षा करने तथा सड़क की स्थिति सुधारने की मांग की जा रही है।

