तेज बारिश और आंधी के बीच हाई-टेंशन लाइन पर गिरा विशाल पेड़, डोरंडा समेत कई इलाकों की बिजली ठप

तेज बारिश और आंधी के बीच डोरंडा में हाई-टेंशन लाइन पर गिरा पेड़, कई इलाकों की बिजली गुल।

Neeral Prakash
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: राजधानी रांची में शनिवार को हुई तेज बारिश और आंधी के दौरान डोरंडा क्षेत्र में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नीलम कॉम्प्लेक्स स्थित मंदिर के सामने एक विशाल पेड़ बिजली की हाई-टेंशन लाइन पर गिर गया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और किसी के घायल होने की भी सूचना नहीं है।

हाई-टेंशन लाइन और एलटी केबल क्षतिग्रस्त

पेड़ गिरने से बिजली की हाई वोल्टेज (हाई-टेंशन) लाइन के साथ-साथ लो टेंशन (एलटी) केबल भी क्षतिग्रस्त हो गई। पेड़ की भारी शाखाएं तारों पर गिरते ही बिजली लाइन ट्रिप कर गई, जिससे पूरे इलाके की विद्युत आपूर्ति तत्काल बाधित हो गई। घटना के कारण कुछ समय तक सड़क पर आवागमन भी प्रभावित रहा।

बिजली बाधित होने का असर डोरंडा बाजार, एजी मोड़ और आसपास के क्षेत्रों में देखने को मिला। जानकारी के अनुसार, चार से पांच ट्रांसफार्मरों से जुड़े इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थानीय लोगों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) के आपातकालीन नंबर 1912 पर सूचना देकर बिजली आपूर्ति बंद करवाई। साथ ही नगर निगम और संबंधित कार्यपालक अभियंता को भी मामले की जानकारी दी गई।

बिजली बहाली और पेड़ हटाने का कार्य जारी

सूचना मिलते ही संबंधित विभागों की टीम मौके पर पहुंची और पेड़ को काटकर हटाने का कार्य शुरू किया। समाचार लिखे जाने तक पेड़ हटाने और क्षतिग्रस्त बिजली लाइनों की मरम्मत का काम जारी था। अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने समय रहते सतर्कता बरतकर संभावित बड़े हादसे को टाल दिया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

Share This Article
नीरल प्रकाश के पास पत्रकारिता में 2 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने एंकरिंग, रिपोर्टिंग और स्क्रिप्ट राइटिंग में काम किया है। पिछले 2 सालों से वे IDTV इंद्रधनुष के साथ काम कर रही हैं, जहां उन्होंने ऑन-एयर प्रस्तुतिकरण के साथ-साथ बैकएंड कंटेंट क्रिएशन में भी योगदान दिया। समाचार रिपोर्टिंग के अलावा, उन्होंने आकर्षक स्क्रिप्ट तैयार करने और कहानी को पेश करने का अनुभव भी प्राप्त किया है।