
मुजफ्फरपुर : मुजफ्फरपुर जिले के ब्रह्मपुरा इलाके में स्थित प्रसाद हॉस्पिटल में गुरुवार को भीषण आग लग गई। इस हादसे में अबतक 5 मरीजों की मौत हो गई है। घटना को लेकर बताया जा रहा कि आग अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर बने आईसीयू वार्ड में लगी, जिसके बाद देखते ही देखते पूरे भवन में धुआं भर गया। जिसके कारण अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक अबतक 5 लोगों की मौत हो गई है, वहीं 30 से ज्यादा मरीजों के घायल होने की खबर है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग लगते ही अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई। कई लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
राहत और बचाव अभियान जारी
इधर घटना की सूचना मिलते ही छह से अधिक दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी गई। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि आईसीयू वार्ड के भीतर करीब 10 से 15 लोगों के शव पड़े होने की आशंका है। हालांकि, मुजफ्फरपुर के डीएम सुब्रत कुमार सेन ने अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है। प्रशासन और बचाव दल की टीमें मौके पर मौजूद हैं, जबकि राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।
अब तक इन मरीजों की मौत की हुई पुष्टि
शशांक कुमार, औराई, मुजफ्फरपुर
गीता देवी, मोतीपुर, मुजफ्फरपुर
उदय कुमार, तरियानी, शिवहर
कृष्ण नंदन
चंचला कुमारी

