
Mandar Gang Rape : Ranchi के मांडर थाना क्षेत्र से एक गंभीर आपराधिक मामला सामने आया है, जहां एक महिला के साथ कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
कई थानों की टीम ने चलाया छापेमारी अभियान
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी खलारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। इसके बाद मांडर, चान्हों और बुढ़मू थाना क्षेत्रों में लगातार छापेमारी की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आयुष उरांव, प्रकाश मुंडा उर्फ पापड़ मुंडा, रामलुस कुजूर, रंजीत उरांव, उमेश भगत, राम उरांव, विकास उरांव और प्रकाश उरांव उर्फ बल्ले के रूप में हुई है। इसके अलावा एक विधि-विरुद्ध किशोर को भी निरुद्ध किया गया है।
लिव-इन पार्टनर पर साजिश का आरोप
जानकारी के अनुसार, पीड़िता पिछले करीब दो वर्षों से संजीव उरांव के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी, जो फिलहाल केरल में बताया जा रहा है।
आरोप है कि महिला के एक पुरुष मित्र के साथ बाहर जाने की जानकारी मिलने के बाद संजीव ने अपने साथियों को उकसाया, जिसके बाद यह वारदात हुई।
आरोपी पर केस दर्ज, गिरफ्तारी बाकी
पुलिस ने संजीव उरांव के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है, हालांकि उसकी गिरफ्तारी अभी नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और मामले की जांच आगे जारी है।

