गोमिया में युवक ने फंदे से लटककर दी जान, पारिवारिक विवाद और कथित प्रेम प्रसंग बना वजह!

बोकारो के गोमिया में 30 वर्षीय युवक घर के कमरे में मृत पाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Bokaro News :बोकारो जिले के गोमिया थाना क्षेत्र स्थित चौधरी टोला में गुरुवार को एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। 30 वर्षीय मानिक कुमार यादव ने घर के अंदर फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पारिवारिक विवाद और कथित प्रेम प्रसंग को लेकर घर में लगातार चल रहे तनाव के कारण युवक मानसिक रूप से परेशान था।

परिजनों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, मानिक कुमार यादव के एक अन्य महिला के साथ कथित संबंध को लेकर परिवार में अक्सर विवाद होता था। गुरुवार को भी इसी मुद्दे पर घर में कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने के बाद मानिक अपने कमरे में चला गया। कुछ समय बाद जब परिजनों ने कमरे का दरवाजा खोला तो वह पंखे के सहारे फंदे से लटका मिला।

घटना की जानकारी मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। युवक की मौत से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।

मृतक की मां कौशल्या देवी, पत्नी गुड़िया देवी और भाई घनश्याम यादव का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, युवक के पिता मुद्रिका यादव, जो दूसरे राज्य में ड्राइवर का काम करते हैं, बेटे की मौत की सूचना मिलने के बाद घर के लिए रवाना हो गए हैं।

सूचना मिलने पर गोमिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

गोमिया थाना प्रभारी प्रफुल्ल महतो ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।