ग्राम प्रधान से लूट पड़ी भारी! 5 दिन में पूरा गैंग गिरफ्तार, पुलिस की दो टूक- कानून हाथ में लिया तो सीधा जेल

महुआडांड़ में ग्राम प्रधान से लूटकांड का पुलिस ने पांच दिन में खुलासा किया। चार आरोपी गिरफ्तार, नकदी और सामान बरामद। पुलिस ने कानून हाथ में लेने वालों को कड़ी चेतावनी दी।

5 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

लातेहार: महुआडांड़ में ग्राम प्रधान से हुई लूटकांड का खुलासा होने के बाद पुलिस ने अपराधियों को कड़ा संदेश दिया है। मामले का पर्दाफाश करने के बाद महुआडांड़ पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि इलाके में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी विवाद का समाधान कानून के दायरे में रहकर करें, न कि लूटपाट और मारपीट के जरिए।

SDPO की चेतावनी- विवाद हो तो थाना आएं, कानून हाथ में न लें

महुआडांड़ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने सख्त लहजे में कहा कि कोई भी व्यक्ति किसी के साथ लूट जैसी घटना को अंजाम देने की कोशिश न करे। चाहे मामला पैसों के लेन-देन का हो, जमीन विवाद का हो या पारिवारिक विवाद का, लोग सीधे थाना पहुंचें। उन्होंने कहा कि पुलिस-प्रशासन पूरी पारदर्शिता के साथ दोनों पक्षों को बैठाकर मामले का समाधान करेगा। लेकिन जो लोग कानून अपने हाथ में लेंगे, उनके लिए जेल ही अंतिम जगह होगी।

ग्राम प्रधान पर हमला लोकतंत्र पर हमला: थाना प्रभारी

महुआडांड़ थाना प्रभारी मनोज कुमार ने कहा कि ग्राम प्रधान जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि होते हैं। ऐसे में उन पर हमला करना लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला करने जैसा है। उन्होंने कहा कि अपराध करने वालों की उम्र चाहे 19 साल हो या 38 साल, कानून सबके लिए बराबर है। अम्बवाटोली गैंग की गिरफ्तारी के जरिए पुलिस ने संदेश दिया है कि महुआडांड़ में गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डराकर या धमकाकर पैसा वसूलना भी अपराध

पुलिस प्रशासन ने लोगों को आगाह करते हुए कहा कि उधार की रकम वसूलने, व्यापारिक लेन-देन या जमीन बंटवारे के मामलों में किसी को डराना, धमकाना या लूटपाट करना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। ऐसे मामलों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309 के तहत सीधे जेल भेजा जा सकता है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में थाना पहुंचें, जरूरी दस्तावेज और गवाह प्रस्तुत करें तथा कानूनी तरीके से समाधान प्राप्त करें।

पुलिस बोली- 24 घंटे खुला है थाना, शिकायत मिलते ही होगी कार्रवाई

पुलिस प्रशासन ने कहा कि महुआडांड़ थाना आम लोगों के लिए 24 घंटे खुला रहता है। किसी भी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी और शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपराध का रास्ता छोड़कर सम्मानजनक जीवन अपनाने की अपील की है।

क्या था पूरा मामला?

महुआडांड़ थाना कांड संख्या- 32/26, दिनांक 18 जून 2026 के तहत धारा 309(4), 309(6), 126(2), 115(2), 117(2) और 3(5) BNS में ग्राम प्रधान से दिनदहाड़े लूट की घटना दर्ज की गई थी। पुलिस जांच में अम्बवाटोली के चार लोगों की संलिप्तता सामने आई। इनमें हकीम अंसारी (19 वर्ष), पिता स्वर्गीय ईस्माईल अंसारी उर्फ घोड़ा ईस्माईल, कासिफ अंसारी उर्फ बलन (22 वर्ष), पिता नसीम अंसारी, कमर अंसारी उर्फ काना राजा (16 वर्ष, नाबालिग), पिता जसीम अंसारी तथा ईमरान अहमद उर्फ राजू (38 वर्ष), पिता समीम अहमद शामिल हैं।

5 दिन में पुलिस ने दबोचा पूरा गैंग

SDPO महुआडांड़ के नेतृत्व में थाना प्रभारी मनोज कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक बंधन तिर्की, पुलिस अवर निरीक्षक अरविंद हेरेंज, सहायक अवर निरीक्षक चंद्रशेखर दुबे, सहायक अवर निरीक्षक नागेश्वर महतो और सशस्त्र बल की टीम ने कार्रवाई करते हुए महज पांच दिनों के भीतर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, ग्राम प्रधान का पहचान पत्र, आधार कार्ड, पोस्ट कार्ड, लूटी गई पूरी नकदी और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। गिरफ्तार तीनों बालिग आरोपियों को मंडल कारा लातेहार भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग आरोपी को संप्रेक्षण गृह पलामू भेजा गया है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।