मतदाता सूची पुनरीक्षण में लापरवाही पर होगी कार्रवाई, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jharkhand Election Commission : झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर राज्य के सभी जिलों के अधिकारियों के साथ ऑनलाइन बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण के कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निर्वाचन सदन से आयोजित गूगल मीट के जरिए हुई इस बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी और बीएलओ सुपरवाइजर शामिल हुए। बैठक में गणना प्रपत्र भरवाने, उसके डिजिटाइजेशन और अभियान से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध करा रहे हैं और साथ ही उसे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपलोड करने का काम भी किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 की मतदाता सूची में शामिल प्रत्येक मतदाता के नाम पर गणना प्रपत्र की दो प्रतियां उपलब्ध कराई जाएंगी। जो मतदाता अपना भरा हुआ और हस्ताक्षरित गणना प्रपत्र बीएलओ या ऑनलाइन माध्यम से समय पर जमा करेंगे, उनका नाम 5 अगस्त को प्रकाशित होने वाली प्रारूप (ड्राफ्ट) मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा।

के. रवि कुमार ने अधिकारियों से कहा कि वे क्षेत्र में कार्यरत बीएलओ को पूरा सहयोग दें और पुनरीक्षण अभियान को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पूरा करें। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मतदाताओं की शंकाओं के समाधान के लिए निर्वाचन विभाग की ओर से Frequently Asked Questions (FAQ) की श्रृंखला जारी की गई है। जल्द ही इसका तीसरा संस्करण भी जारी किया जाएगा, ताकि मतदाताओं को सही और स्पष्ट जानकारी मिल सके।

बैठक में राज्य प्रशिक्षण नोडल अधिकारी देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार समेत निर्वाचन विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।