
Rahul Baccha Murder Case : मानगो के गुरुद्वारा रोड स्थित मुंशी मोहल्ला मजार के पास हुए राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, एक युवती से बातचीत को लेकर चली आ रही रंजिश के कारण इस हत्या की साजिश रची गई थी।
मामले में मुख्य आरोपी सरबजीत सिंह उर्फ साहेब सिंह उर्फ शब्बे समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं हथियार बरामदगी के दौरान मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया।
एसएसपी डॉ. एहतेश्याम वाकरीब ने बताया कि 8 जुलाई की शाम हुई इस हत्या की जांच के लिए सिटी एसपी ललित मीणा की निगरानी में एएसपी ऋषभ त्रिवेदी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था। तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सरबजीत सिंह उर्फ शब्बे, सौरभ दत्ता उर्फ बंगाली, अफताब अली उर्फ बाबा और अमरजीत प्रसाद उर्फ पांडेय को गिरफ्तार कर लिया।
ईंट, पत्थर और डंडे से किया गया हमला
पुलिस जांच में सामने आया कि राहुल बच्चा और शब्बे के बीच एक युवती से बातचीत को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में शब्बे ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। एसएसपी ने बताया कि घटना के दौरान राहुल पर ईंट, पत्थर और डंडे से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पोस्टमॉर्टम और शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि राहुल को गोली नहीं लगी थी। हालांकि घटना के दौरान फायरिंग हुई थी या नहीं, इसकी जांच अभी जारी है।
हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर फायरिंग
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में शब्बे ने वारदात में इस्तेमाल हथियार जवाहर नगर रोड नंबर-14 के जंगल क्षेत्र में छिपाने की बात कबूली। जब पुलिस उसे हथियार बरामद कराने वहां ले गई, तो उसने झाड़ियों से देसी पिस्तौल निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें शब्बे के दोनों पैरों में गोली लगी। घायल आरोपी को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कई मामलों में पहले से दर्ज हैं केस
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी शब्बे, अफताब अली और अमरजीत प्रसाद का आपराधिक इतिहास रहा है। शब्बे के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं अफताब अली पर भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य लोगों की भूमिका और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच अभी जारी है।

