25 साल पूरे होने पर जश्न में डूबा संत जेवियर्स कॉलेज! क्रिस्टल जुबली पर लॉन्च हुई ‘ज़ेवेरियन ऐक्मे’ पत्रिका

संत जेवियर्स महाविद्यालय महुआडांड़ ने 25वीं वर्षगांठ पर क्रिस्टल जुबली और लोयोला दिवस मनाया। समारोह में ‘ज़ेवेरियन ऐक्मे’ पत्रिका का लोकार्पण और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहे।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

लातेहार (महुआडांड़) : संत जेवियर्स महाविद्यालय (स्वायत्त), महुआडांड़ ने शुक्रवार को अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर क्रिस्टल जुबली समारोह और लोयोला दिवस पूरे उत्साह, श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाया। महाविद्यालय की 25 वर्षों की गौरवशाली यात्रा का यह विशेष अवसर विद्यार्थियों, शिक्षकों और अतिथियों के लिए यादगार बन गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे पवित्र मिस्सा पूजा से हुई। इस दौरान महाविद्यालय परिवार ने संस्था की निरंतर प्रगति, समृद्धि और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सामूहिक प्रार्थना की।

समारोह के मुख्य अतिथि Bishop Theodore Mascarenhas, SFX, बिशप, रोमन कैथोलिक डायोसिस ऑफ डाल्टनगंज थे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में आईक्यूएसी सदस्य मोहम्मद तनवीर, फादर अशोक नगेसिया, सिस्टर प्रिस्का और फादर बर्थोलोमियो मौजूद रहे। महाविद्यालय परिसर में अतिथियों का पारंपरिक आदिवासी नृत्य, पुष्पगुच्छ और शॉल भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. फादर एम. के. जोश ने स्वागत भाषण में संस्थान की अब तक की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। इसके बाद विद्यार्थियों ने स्वागत नृत्य, नागपुरी लोकनृत्य, दक्षिण भारतीय नृत्य और लोयोला के जीवन पर आधारित नाट्य प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इस अवसर पर महाविद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘ज़ेवेरियन ऐक्मे’ का भी लोकार्पण किया गया। इस पत्रिका में संस्थान की शैक्षणिक, शोध और सांस्कृतिक उपलब्धियों को प्रमुखता से स्थान दिया गया है।

मुख्य अतिथि बिशप थियोडोर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा केवल रोजगार पाने का माध्यम नहीं है, बल्कि एक बेहतर इंसान बनने की प्रक्रिया भी है। उन्होंने छात्रों से अनुशासन, सेवा भावना और नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया तथा महाविद्यालय परिवार को क्रिस्टल जुबली की शुभकामनाएं दीं। आईक्यूएसी सदस्य मोहम्मद तनवीर ने संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नवाचार की सराहना करते हुए विद्यार्थियों से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और निभाने की अपील की।

कार्यक्रम का संचालन असिस्टेंट प्रोफेसर शशि शेखर और सुश्री सुष्मिता नाग ने किया, जबकि अंत में शालिनी बारा ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। समारोह के समापन पर सभी के बीच मिठाइयों का वितरण किया गया। पूरे दिन महाविद्यालय परिसर उत्साह, उमंग और सौहार्द के माहौल से सराबोर रहा।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।