
चतरा: चतरा लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण सिंह ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गड़करी से मुलाकात कर हंटरगंज बाईपास परियोजना का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की।
इस दौरान उन्होंने केंद्रीय मंत्री को एक विस्तृत पत्र सौंपते हुए परियोजना की अद्यतन स्थिति से अवगत कराने का भी अनुरोध किया। सांसद ने पत्र में कहा कि हंटरगंज बाईपास की घोषणा के बाद क्षेत्रवासियों में विकास को लेकर नई उम्मीद जगी है।
उन्होंने बताया कि परियोजना को राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) से भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को हस्तांतरित किए जाने की जानकारी मिली है, ताकि इसका निर्माण आधुनिक फोर-लेन बाईपास के रूप में किया जा सके। इसे उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
उन्होंने कहा कि हंटरगंज बाजार से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े, मालवाहक और यात्री वाहनों का आवागमन होता है। इसके कारण अक्सर लंबा जाम लगता है और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इसका सीधा असर आम नागरिकों, विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों और राहगीरों पर पड़ता है।
ऐसे में बाईपास का निर्माण क्षेत्र की सबसे बड़ी जरूरत बन चुका है। सांसद ने केंद्रीय मंत्री से परियोजना की वर्तमान स्थिति, डीपीआर, प्रशासनिक एवं तकनीकी स्वीकृतियों, भूमि अधिग्रहण और निर्माण कार्य शुरू होने की संभावित समय-सीमा की जानकारी उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर इस बहुप्रतीक्षित जनहितकारी परियोजना का निर्माण जल्द प्रारंभ कराने की मांग की। कालीचरण सिंह ने कहा कि हंटरगंज बाईपास केवल एक सड़क परियोजना नहीं, बल्कि क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने, सड़क सुरक्षा बढ़ाने, व्यापार एवं रोजगार को बढ़ावा देने और चतरा लोकसभा क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति देने वाली महत्वपूर्ण परियोजना है।
उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार इस मांग पर सकारात्मक पहल करेगी और जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप शीघ्र कार्रवाई होगी।

