अशोक धाम मंदिर के पास भगदड़ में सात श्रद्धालुओं की मौत, मृतकों के परिजनों के लिए सहायता की घोषणा

लखीसराय के अशोक धाम हॉल्ट पर भगदड़ में सात श्रद्धालुओं की मौत और 14 घायल हुए। बैरिकेडिंग टूटने से हादसा हुआ, मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को चार लाख रुपये दिए।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

लखीसराय: बिहार के लखीसराय जिले में प्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर के पास सोमवार सुबह भगदड़ में कम से कम सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 14 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, यह घटना मंदिर के समीप स्थित अशोक धाम हॉल्ट रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण हुई। सावन के पवित्र महीने में भगवान शिव को जल चढ़ाने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु वहां पहुंचे थे।

लखीसराय के जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने मीडिया को  बताया कि, “सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे अशोक धाम हॉल्ट रेलवे स्टेशन के पास भगदड़ में कम से कम सात श्रद्धालुओं की मौत हो गयी जबकि 14 अन्य घायल हो गए। भीड़ के दबाव में बैरिकेडिंग का एक हिस्सा टूट गया, जिससे लोग एक-दूसरे के ऊपर गिरने लगे और भगदड़ मच गई।” उन्होंने बताया कि सुरक्षा कर्मी और जिला प्रशासन के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं तथा बचाव एवं राहत कार्य जारी है। सभी घायलों को नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाया गया है।

अधिकारियों के अनुसार, सात मृतकों में से पांच की पहचान मणिमाला देवी, टिंकू देवी, हेमलता देवी, ललिता देवी और सरिता के रूप में हुई है। जिलाधिकारी ने बताया कि बचाव एवं राहत कार्य जारी है और घायलों को नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाया जा रहा है। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसे में श्रद्धालुओं की मौत पर दुख जताया और प्रत्येक मृतक के परिजन को चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि अशोक धाम में हुई घटना ‘‘दुखद और हृदयविदारक’’ है तथा इससे वह बेहद दुखी हैं। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि घायलों को उचित और त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।