

रांची: राजधानी में लगातार हो रही बारिश से उत्पन्न समस्याओं से निपटने और शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर को आधुनिक रूप देने के लिए रांची नगर निगम ने एक साथ दो बड़े मोर्चों पर काम शुरू किया है।





मंगलवार को निगम द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलजमाव के तात्कालिक समाधान के लिए त्वरित कार्रवाई की गई है। नगर निगम ने अपनी क्विक रिस्पांस टीम और लगभग 1,200 सफाई मित्रों को सीधे ग्राउंड पर तैनात किया।
बरियातू हाउसिंग कॉलोनी, प्रगति विहार, साकेत नगर, द्वारकापुरी, सेवा सदन, बहू बाजार, दीपाटोली, पंचशील नगर, अरगोड़ा, बड़ा घाघरा और एचबी रोड स्थित काली टावर सहित विभिन्न संवेदनशील इलाकों में नालियों की सफाई, स्लैब हटाने और 4 जेसीबी मशीनों की मदद से बड़े नालों की सफाई कराई गई।
इसके अतिरिक्त साकेत नगर और पंचशील नगर में सुपर सकर मशीनों तथा काली टावर, तुपुदाना व पंडरा जैसे क्षेत्रों में मोटर पंपों के जरिए जमा पानी को तेजी से बाहर निकाला गया।
निगम प्रशासन ने अलर्ट मोड जारी रखते हुए हेल्पलाइन नंबर 18005701235 भी साझा किया है, जिस पर नागरिक जलजमाव की शिकायत दर्ज करा सकते हैं। साथ ही लोगों से नालियों में कचरा या प्लास्टिक न फेंकने की अपील की गई है।
दूसरी ओर रांची के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए नगर निगम ने पुनर्विकास (Redevelopment) की एक वृहद योजना तैयार की है। नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में आयोजित द्वितीय चरण की समीक्षा बैठक में एनबीसीसी (NBCC) के अधिकारियों ने शहर के प्रमुख बाजार डेली मार्केट, न्यू मार्केट, अपर बाजार, खादगड़ा एवं बकरी बाजार के कायाकल्प से संबंधित लेआउट और डिजाइन का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।
इस योजना के तहत एस.के. सहाय डेली मार्केट (मेन रोड) में लगभग 2.16 एकड़ क्षेत्र में आधुनिक कमर्शियल सुविधाओं के साथ B+4 पार्किंग संरचना और दो कमर्शियल-कम-होटल भवनों का प्रस्ताव है। वहीं न्यू मार्केट (रातू रोड) में लगभग 1.71 एकड़ के त्रिकोणीय भू-भाग पर आधुनिक दुकानों और कार्यालयों के लिए B+3 संरचना का खाका खींचा गया है।
खादगड़ा बस स्टैंड में लगभग 1 एकड़ भूमि पर अत्याधुनिक कमर्शियल-कम-होटल भवन विकसित करने की योजना प्रस्तुत की गई है। निगम का उद्देश्य केवल पुरानी संरचनाओं का जीर्णोद्धार करना नहीं, बल्कि पार्किंग, बेहतर यातायात और नागरिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए रांची के मुख्य व्यापारिक केंद्रों को सुरक्षित, व्यवस्थित और आधुनिक रूप देना है।
