सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े रंगदारी मामले में नोरा फतेही दिल्ली की अदालत में पेश हुईं

सुकेश चंद्रशेखर 200 करोड़ रंगदारी मामले में अभिनेत्री नोरा फतेही दिल्ली कोर्ट में पेश हुईं, बताया- चेन्नई इवेंट के बाद लीना पॉलोज ने सुकेश से कराई थी बात और कार गिफ्ट करने की कही थी बात।

Razi Ahmad
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नयी दिल्ली: अभिनेत्री नोरा फतेही ने शुक्रवार को दिल्ली की एक अदालत को बताया कि दिसंबर 2020 में चेन्नई में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर की पत्नी लीना पॉलोज ने फोन पर उनकी बात सुकेश से कराई थी।

वह चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के रंगदारी मामले में अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश गगनदीप सिंह की अदालत में सूचीबद्ध गवाह के रूप में पेश हुईं।

नोरा फतेही ने अदालत को बताया कि जांच के सिलसिले में दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने उन्हें बुलाया था और लीना तथा सुकेश के बारे में पूछताछ की थी।

लीना और सुकेश से मुलाकात कैसे हुई, इस बारे में बताते हुए नोरा ने कहा, ‘‘दिसंबर 2020 में मुझे चेन्नई में एक कार्यक्रम के लिए बुक किया गया था और लीना पॉलोज इसकी आयोजक थीं। उन्होंने ‘एक्सीड एंटरटेनमेंट’ नामक एजेंसी के जरिये मुझे कार्यक्रम के लिए बुक किया था।

मुझे एक कार्यक्रम में कलाकार के तौर पर आमंत्रित किया गया था। मैं पहली बार कार्यक्रम में ही लीना पॉलोज से मिली थी।’’

अभिनेत्री ने बताया कि वह कनाडा की नागरिक हैं और 2014 से भारतीय फिल्मों में काम कर रही हैं। फिलहाल वह ‘धर्मा’ और ‘टी-सीरीज’ से जुड़ी हुई हैं।

नोरा ने कहा, ‘‘प्रक्रिया के अनुसार, विदेशी नागरिक होने के नाते अगर कोई मुझे कलाकार के तौर पर बुक करना चाहता है तो उसे प्रबंधन कंपनी के जरिये ऐसा करना होता है और भुगतान भी कंपनी को ही किया जाता है।

उन्होंने कहा, ‘‘चेन्नई में हुए इस कार्यक्रम के लिए मुझे कोई पारिश्रमिक नहीं मिला था। हालांकि, जिसने हमें बुक किया था, उसने यात्रा खर्च, स्टाफ का खर्च और हेयर एवं मेकअप आर्टिस्ट का खर्च उठाया था। हम एक रात पांच सितारा होटल में ठहरे थे।’’

नोरा ने बताया कि उस समय टी-सीरीज उनकी नियोक्ता कंपनी थी और एक्सीड एंटरटेनमेंट के कर्मचारियों ने चेन्नई में पूरे कार्यक्रम की व्यवस्था संभाली थी।

नोरा ने कहा, ‘‘जब मैं कार्यक्रम के लिए तैयार हो रही थी, तब टीम ने मुझे बताया कि लीना अपने परिवार के सदस्यों के साथ मुझसे मिलना चाहती हैं। इसके बाद वे दो वीडियोग्राफरों और कुछ अन्य लोगों के साथ मेरे कमरे में आए। वे कुछ उपहार भी लेकर आए थे। लीना ने अपना परिचय ‘नेल आर्टिस्ट्री सैलून’ की मालिक के रूप में दिया।’’

अभिनेत्री ने कहा, ‘‘इसके बाद लीना ने कहा कि उनके पति मुझसे बात करना चाहते हैं और फिर उन्होंने सुकेश को फोन किया तथा इसे स्पीकर पर कर दिया।’’

नोरा ने कहा, ‘‘उनके पति (सुकेश) ने मुझसे कहा, ‘आने के लिए धन्यवाद। हम आपके बहुत बड़े प्रशंसक हैं और भविष्य में और कार्यक्रम करना चाहेंगे।’ इसी बातचीत के दौरान लीना ने मुझे एक कार उपहार में देने की बात भी बताई। उनके पति ने भी मुझसे उपहार के तौर पर कार स्वीकार करने का आग्रह किया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘बातचीत खत्म होने के बाद मैं अपनी टीम के साथ कार्यक्रम में गई। वहां मैंने मुख्य अतिथि के तौर पर हिस्सा लिया और एक नृत्य प्रतियोगिता में जज की भूमिका निभाई।’’

अदालत ने नोरा को 30 नवंबर को पेश होने का निर्देश दिया है। इससे पहले भी अदालत उन्हें दो बार समन जारी कर चुकी है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।